#जंतर_मंतर: संसद में उठा युवाओं पर बर्बरता का मुद्दा, खड़गे ने कहा, छात्रों को मारने व दबाने की कोशिश कर रही मोदी सरकार

मल्लिकार्जुन खड़गे
राज्यसभा में बोलते मल्लिकार्जुन खड़गे।

आरयू वेब टीम। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज युवाओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज और नीट पेपर लीक का मुद्दा संसद में उठाया है। खड़गे ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा नीट पेपर घोटाला हुआ, ये लाखों छात्रों का मामला है। लाखों बच्चों का जो भविष्य है, उनके भविष्य के बारे में मैं बात कर रहा हूं। इस मुद्दे पर आज जंतर-मंतर पर हजारों बच्चे जमा हुए हैं, वहां लाठीचार्ज हो गया है। मोदी सरकार बच्चों को मारने और दबाने की कोशिश कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने अपने संबोधन में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का उल्लेख कर कहा कि बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर वहां एकत्र हुए हैं। यहां उनके साथ कठोर व्यवहार किया गया। खड़गे ने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्द है, जंतर मंतर पर छात्रों की उपस्थिति के बीच वहां लाठीचार्ज किया गया है। मोदी सरकार मारने, इसे दबाने की कोशिश कर रही। जबकि छात्रों की आवाज को सुना जाना चाहिए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

जिस समय खड़गे राज्यसभा में बोल रहे थे, उस समय किसी विपक्षी सांसद ने ये भी कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में घोटला हुआ है, इस पर खड़गे ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में तो घोटाला हुआ ही है, जिसके समर्थक उधर बैठे हुए हैं। खड़गे ने सत्ता पक्ष के सांसदों की ओर इशारा किया। खड़गे के बोलते ही सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे। इसके बाद सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे और बाद में कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

यह भी पढ़ें- संसद मार्च में जंतर-मंतर पर उमड़ा छात्रों का जन सैलाब, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

इससे पहले, मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस और साझा विपक्ष जनता की आवाज बनकर सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगी। खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस पार्टी और साझा विपक्ष जनता की आवाज बनकर मोदी सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगी। जनता का हक, जनता की आवाज और जनता के विश्वास की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी और आस्था से धोखा हुआ। मंदिर निर्माण के लिए करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ अपनी कमाई अर्पित की, उन्हें न्याय मिलना चाहिए। तत्काल स्वतंत्र जांच होनी चाहिए और पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। खड़गे ने आगे कहा कि, “चाहे पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था का सुनियोजित पतन की बात हो। 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हुए हैं। 25 बच्चों ने जान दी है। धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करना पड़ेगा।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने ई20 का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर एथेनॉल मिश्रण जबरन थोपा गया। सरकार का कहना है ये ‘प्रयोग’ है। क्या जनता की गाढ़ी कमाई की लूट भाजपा का एकमात्र औजार है? उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के अलावा अन्य अहम मुद्दे और आने वाले बिल देश की जनता को प्रभावित करने वाले हैं। साझा विपक्ष हर मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही मांगेगा।

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर से जबरन सोनम वांगचुक को हॉस्पिटल ले गई पुलिस, पत्‍नी गीतांजलि ने दी चेतावनी