आरयू वेब टीम। अगर आप भी नीट पीजी 2026 की तैयारी कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद अहम है। इस बार एग्जाम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज ने एग्जाम को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इस साल 2.7 लाख से ज्यादा मेडिकल ग्रेजुएट्स ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, इसलिए सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया है। इस बार एग्जाम केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों का आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा।
वहीं रजिस्ट्रेशन के समय भी आधार की मदद से पहचान की जाएगी और परीक्षा वाले दिन भी दोबारा जांच होगी। अगर किसी का फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता है, तो उसकी पहचान आंखों की पुतली (आइरिस) स्कैन करके की जाएगी। इसका मकसद फर्जी उम्मीदवारों और गड़बड़ियों को रोकना है। जबकि इस बार एग्जाम सेंटर चुनने के तरीके में भी बदलाव किया गया है। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को तीन पसंदीदा राज्यों का विकल्प देना होगा। इनमें अपने पत्राचार वाले राज्य को पहली पसंद के रूप में चुनना जरूरी होगा। परीक्षा शहर की जानकारी एग्जाम से करीब तीन सप्ताह पहले जारी कर दी जाएगी, ताकि उम्मीदवार समय रहते यात्रा और रहने की व्यवस्था कर सकें।
दरअसल नीट पीजी 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी सवाल हल करने के लिए 210 मिनट यानी तीन घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। जबकि इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक जांच, तलाशी, सिग्नल जैमर और कंप्यूटर का रैंडम आवंटन किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय और क्षेत्रीय कमांड सेंटर से पूरी परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग होगी। परीक्षा को सफल बनाने के लिए 60 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली प्रदर्शन के बीच, CM थलपति विजय की मोदी सरकार से मांग, सुधार नहीं, पूरी तरह खत्म करो NEET एग्जाम
गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अधिकारियों को निष्पक्ष और तकनीक आधारित परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रों से अपील की है कि वे पेपर लीक या किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। एनबीईएमएस ने नकल, फर्जी उम्मीदवारों या किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए एक विशेष ईमेल सुविधा भी शुरू की है।




















