ममता बनर्जी का BJP सरकार पर हमला, कहा पुलिस के मानवीय चेहरे को भाजपा ने बना दिया राक्षस’

ममता बनर्जी
रैली को संबोधित करतीं ममता बनर्जी।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर करारा हमला बोला है। कोलकाता में टीएमसी छात्र परिषद के स्थापना दिवस पर आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी के शासनकाल में पुलिस का चेहरा मानवीय था, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही पुलिस बल को एक ‘राक्षस’ में बदल दिया है।

टीएमसी प्रमुख ने रक्षाबंधन के मौके पर संकल्प लेते हुए कहा कि वह टीएमसी समर्थकों पर हो रहे पुलिसिया अत्याचारों को हर हाल में रोकेंगी। साथ ही भाजपा पर पश्चिम बंगाल में विभाजनकारी राजनीति करने और लोगों के बीच खौफ फैलाने के लिए पुलिसबल का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

वहीं राज्य में टीएमसी नेताओं पर हो रहे हमलों पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि वह जल्द ही पूरे पश्चिम बंगाल का दौरा शुरू करेंगी। साथ ही कहा कि अगर प्रशासन उनकी जनसभाओं की अनुमति नहीं देता है, तो वह सड़कों पर पैदल मार्च करेंगी। ममता ने कहा, ‘मैं भी देखना चाहती हूं कि उनके पास कितनी ईंटें और अंडे जमा हैं।’ आगे कहा कि रैलियों की अनुमति के लिए वह बार-बार अदालत का दरवाजा खटखटाकर कोर्ट का समय बर्बाद नहीं करना चाहतीं। अब से टीएमसी सीधे जनता की अनुमति लेकर अपनी तय जगहों पर जनसभाएं आयोजित करेगी।

यह भी पढ़ें- TMC के बागियों को बैठक में बुलाने पर विपक्ष ने जताया विरोध, सर्वदलीय बैठक से भी किया वॉकआउट

इस दौरान ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके जनादेश को ‘हाइजैक’ किया था। साथ ही दावा किया कि मतदाता सूचियों से अवैध रूप से लाखों नाम हटाकर वोटों की लूट की गई। इसके साथ ही, राज्य में चल रहे रेहड़ी-पटरी वालों (हॉकर्स) के बेदखली अभियान पर सुवेंदु अधिकारी सरकार को घेरते हुए ममता ने कहा कि फुटपाथों से हॉकर्स को हटाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते उनका सही पुनर्वास किया जाए। उन्होंने मांग की कि अगर सरकार पुनर्वास नहीं कर सकती, तो इन हॉकर्स को 25,000 रुपये महीने का मुआवजा दिया जाए।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी के काफिले पर पथराव, पूर्व CM का आरोप, पुलिस के सामने हुआ हमला