आरयू ब्यूरो, लखनऊ। शिक्षक दिवस के मौके पर लखनऊ में शनिवार को समाजवादी पार्टी ने गोमतीनगर में पीडीए पाठशाला लगाई। जहां सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बच्चों को पढ़ाया और बच्चों को अखिलेश यादव की तस्वीर वाली कॉपी- किताबें भी बांटी। अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पीडीए पाठशाला लगाई गई है। प्रदेश में करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं। इसके विरोध में ये अभियान शुरू किया गया है।
इस संबंध में सपा नेता फखरुल हसन चांद ने मीडिया को बताया कि स्कूल बंद होने से पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और किसान परिवारों के बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। सपा शिक्षा के मुद्दे को पीडीए पाठशाला के जरिए लगातार उठाती रहेगी। साथ ही सपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि पीडीए पाठशाला लगातार चलती रहेगी। हर दिन पार्टी का एक कार्यकर्ता पाठशाला में पहुंचकर बच्चों को एक घंटे पढ़ाएगा। बच्चों को पढ़ाई की सामग्री भी दी जाएगी। फिलहाल बच्चे जमीन पर दरी बिछाकर पढ़ रहे हैं। जल्द ही उनके लिए कुर्सी-मेज और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए सभी प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। सपा का ये अभियान पांच से 11 सितंबर तक चलेगा। सात सितंबर को पीडीए वृक्षारोपण और पर्चा वितरण किया जाएगा। आठ सितंबर को विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क किया जाएगा। जबकि नौ सितंबर को छात्रों से सुझाव लिए जाएंगे और उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान उनसे संकल्प पत्र भी भरवाए जाएंगे। दस सितंबर को छात्र-छात्राओं और युवाओं की राजनीति में भूमिका को लेकर संगोष्ठी होगी। 11 सितंबर को मेधावी छात्र- छात्राओं का सम्मान कर अभियान का समापन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में घटिया सड़क से फिसलकर स्कूली वैन नाले में पलटी, ग्रामीणों ने बचाई रोते-बिलखते मासूमों की जान
वहीं अभियान के दौरान छात्रों और युवाओं से फीस वृद्धि, पेपर लीक, समान कोर्स, रोजगार और आरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में नियुक्तियों में कथित भ्रष्टाचार, आरक्षण में पारदर्शिता और रोस्टर प्रणाली का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। इसके अलावा डिजिटल डिवाइस, मुफ्त पढ़ाई, पुस्तकालय और नए विश्वविद्यालय-महाविद्यालयों के निर्माण को लेकर भी छात्रों से सुझाव लिए जा रहे हैं। सपा नेताओं का कहना है कि सरकार बनने पर इन मुद्दों को पूरा किया जाएगा।




















