आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में भारी बारिश के चलते रहीमाबाद में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान घर के अंदर परिवार के साथ मौजूद पिता मलबे में दब गया। पिता, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और मलिहाबाद सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक रहीमाबाद थाना क्षेत्र के चैना गांव में शनिवार दोपहर करीब एक बजे किसान सुरेश (50) अपने बेटे रजनेश और बेटी सलोनी (18) के साथ कच्चे मकान में बैठे थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से गांव में हड़कंप मच गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया और तीनों को बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- UP Weather Alert: लखनऊ में लगातार बरसे बादल, 8 जिलों में भी अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी, कई जनपदों में बाढ़ का अनुमान
ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को पुलिस की गाड़ी से मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर तहसील प्रशासन से कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से हादसे की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- बारिश के चलते लखनऊ के इकाना में शिफ्ट हुआ UP T-20 लीग के प्लेऑफ मुकाबला




















