आरयू वेब टीम। इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी असम में स्कूलों की स्थिति और एसआइआर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान चला रही। इस बीच गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी के को-फाउंडर आशुतोष रांका और उनकी टीम को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए जाने के बाद रांका ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए। साथ ही अभिजीत दीपके ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है।
रांका ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा इस बात से डरे हुए हैं कि अगर सीजेपी की टीम असम के सरकारी स्कूलों की असली स्थिति सामने रखेगी तो पूरे देश को उनकी हालत के बारे में पता चल जाएगा। उन्होंने काजीरंगा को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। रांका का आरोप है कि काजीरंगा में स्थानीय लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं और जमीन, जंगल तथा पानी को कॉरपोरेट कंपनियों को दिया जा रहा है।
स्कूलों की हकीकत जनता के सामने लाना चाहते
आशुतोष रांका का असम सरकार पर हमला बोलते हुए एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि ‘हिमंता बिस्वा सरमा यहां के लोगों से डर गए हैं। हम इनकी स्कूलों की हकीकत देश की जनता के सामने लाना चाहते हैं, इसलिए हिमंता बिस्वा सरमा डर गए हैं। हम लोग काजीरंगा की सच्चाई देश के लोगों के सामने लाना चाहते हैं, इसलिए हिमंता बिस्वा सरमा डर गए हैं।
मैन-मेड फ्लड्स की सच्चाई जनता के सामने
आगे कहा कि हम लोग असम फ्लड, जो मैन-मेड फ्लड्स है उसकी सच्चाई देश की जनता के सामने लाना चाहते हैं, इसलिए हिमंता बिस्वा सरमा डर गए हैं। सुबह से यहां पुलिस की गुंडागर्दी चल रही है। प्राइवेट प्रोपर्टी पर मीट-अप था। शांतिपूर्ण मीट-अप था, लेकिन सुबह से हमारे वॉलेंटियर को डिटेन किया गया है। सारे लोगों को डिटेन कर लिया है। हमें डराया-धमकाया जा रहा है।’
दीपके ने गिरफ्तारी का किया विरोध
वहीं सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आशुतोष रांका की गिरफ्तारी का विरोध किया है। उन्होंने एक्स पर दावा करते हुए कहा, ‘असम पुलिस ने आशुतोष रांका को डिटेन कर लिया है। सीजेपी की टीम को अनजान जगह ले जाया जा रहा है।’
यह भी पढ़ें- अभिजीत ने कहा, PM मोदी डिग्री करें सार्वजनिक तो एजुकेशन लोन के दिखाऊंगा दस्तावेज, पार्टी बनाने पर भी दिया जवाब
गौरतलब है कि सीजेपी ने हाल के दिनों में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर अभियान शुरू किया है। सीजेपी की टीम स्कूलों का दौरा कर वहां की सुविधाओं और भवनों की स्थिति की जानकारी जुटाने का दावा कर रही है। आशुतोष रांका 26 सितंबर को असम पहुंचे थे। उन्होंने गुवाहाटी में कहा था कि उनकी टीम स्कूलों का दौरा करेगी, एसआइआर से प्रभावित परिवारों से मिलेगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेगी।


















