आरक्षण घोटाले के विरोध में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने SCERT का किया घेराव, कहा नहीं हो रही सुनवाई

शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाला
नियुक्ति के लिए प्रदर्शन करते अभ्‍यर्थी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पिछले 48 दिनों से शहर में अलग-अलग जगह पर प्रदर्शन के बीच लखनऊ में शुक्रवार को 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घंटी बजाकर प्रदर्शन किया। आरक्षण घोटाले के विरोध और नियुक्ति कि मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने निशातगंज स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद का घेराव कर जमकर नारेबाजी कर कहा कि हम लोगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

प्रदर्शनकारी आशुतोष ने बताया कि लंबे समय से ईको गार्डन में धरना दे रहे हैं। खुले आसमान के नीचे दिन-रात गुजार रहे हैं। तेज बारिश और धूप का सामना कर रहे हैं। भाजपा कार्यालय से लेकर शिक्षा मंत्री की आवास पर कई बार प्रदर्शन किया मगर फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नौकरी तो मिल नहीं रही है ऊपर से पुलिस मारपीट कर रही है। आज भी हम लोग एससीईआरटी आकर धरना दे रहे हैं मगर कोई सुनने को तैयार नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर तमाम मंत्री, सांसद और विधायक सबके दरवाजे पर गुहार लगाने पहुंचे मगर अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला।

अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्ष 2018 में 68,500 सहायक शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। इसमें दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को छूट का प्रावधान था। आरोप है कि इन चारों श्रेणियों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ नहीं मिला और सामान्य अभ्यर्थियों के साथ ही परिणाम जारी कर दिया गया। अभ्यर्थियों ने हाथों में घंटियां और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें-  68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने किया लखनऊ में प्रदर्शन, उठाई आवंटन की मांग

अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती परीक्षा के पासिंग मार्क्स में पांच प्रतिशत की छूट दी जाए। उनका कहना है कि 150 पूर्णांक वाली परीक्षा में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत अंक पर परिणाम संशोधित कर नई चयन सूची जारी की जाए। आगरा के यशवंत कुमार ने कहा कि हम लोग पिछले छह सालों से संघर्ष कर रहे हैं। 6800 सीटों पर आरक्षण घोटाला हुआ था जिसको लेकर लगातार लड़ाई जारी है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि 2018 की भर्ती में आरक्षण का लाभ दिया जाए। साथ ही पांच प्रतिशत छूट के आधार पर चयन सूची में बदलाव कर नई सूची जारी की जाए। अभ्यर्थियों ने कहा कि छह सालों से हम संघर्ष कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- आरक्षण घोटाले के खिलाफ 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा संदीप सिंह का आवास, पुलिस ने जबरन हटाया