आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सपाइयों ने अपने सिर पर मटकी रखा, जिसके ऊपर ‘पाप का घड़ा’ लिखकर पोस्टर लगा रखा था। कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर पहुंचकर मटकी को फोड़ते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के पाप का घड़ा भर चुका है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका जिससे दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
वहीं प्रदर्शन कर रहे सपाईयों ने पुलिस के ऊपर अभद्रता का आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि वोट चोरों की सरकार है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। वहीं प्रदर्शनकारी महिलाएं सड़क पर लेट गई। पुलिस उन्हें टांगकर ईको गॉर्डन ले गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग मर चुका है, भाजपा का पिट्ठू बन चुका है लगातार बेमानी करवा रहा है। इन लोगों ने पहले बिहार और पश्चिम बंगाल लूटा अब उत्तर प्रदेश को लूटने की तैयारी कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार को हटाए बिना यूपी में चुनाव नहीं होगा इन्होंने लोकतंत्र को बेहद कमजोर करने का काम किया है।
वहीं प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। हमने कई बार वोट चोरी का साक्ष्य भी दिया फिर भी चुनाव आयोग ने इसका संज्ञान नहीं लिया। इससे बिल्कुल स्पष्ट हो गया कि चुनाव आयोग के मिली भगत से ही भाजपा सरकार में आ रही है। अगर चुनाव आयोग और ना होता तो कभी भी भारतीय जनता पार्टी सत्ता में ना आती।
यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना देने जा रहे सांसद को पुलिस ने जबरन रोका, राहुल ने कहा, इस्तीफा देने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
इतना ही नहीं ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या किया है। जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाएगा हम लोग रोड पर रहेंगे। 35 करोड़ से ज्यादा वोट चोरी करके अलग-अलग राज्यों में और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद किया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। हम लोग लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।




















