देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी, जानें अब कितना बढ़ा आपकी जेब बोझ

पेट्रोल-डीजल के दाम
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम आदमी को आज एक और झटका लगा। देशभर में पेट्रोल-डीजल की रिकॉर्ड कीमतों के बीच रविवार को ईंधन के दाम में लगातार चौथे दिन इजाफा हुआ। ताजा वृद्धि के बाद वाहन ईंधन के दाम नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। पेट्रोल में 25 पैसे, जबकि डीजल में 30 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 25 पैसे चढ़कर 102.39 रुपये पहुंच गया, जो शनिवार को 102.14 रुपये पर था, जबकि डीजल 90.47 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 90.77 रुपये लीटर हो गया। डीजल 30 पैसे महंगा हुआ।

वही मुंबई में पेट्रोल आज 108.43 रुपये हो गया, जो कल 108.19 रुपये प्रति लीटर था। डीजल 98.16 रुपये से बढ़कर 98.48 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। कोलकाता में पेट्रोल के दाम बढ़कर 103.07 रुपये लीटर, जबकि डीजल के दाम 93.87 रुपये प्रति लीटर हो गए। इसी प्रकार, चेन्नई में पेट्रोल 99.80 रुपये से बढ़कर 100.01 रुपये प्रति लीटर हो गया और डीजल 95.02 रुपये से 95.31 रुपये लीटर पहुंच गया। ताजा वृद्धि के बाद चेन्नई में भी पेट्रोल 100 के पार पहुंच गया है।

शहर        पेट्रोल           डीजल

लखनऊ    99.48         91.29
पटना       105.24        97.10
रांची        97.14          95.83
भोपाल     110.88         99.73
जयपुर     109.40        100.10
रायपुर     100.34        98.14
देहरादून   98.61          91.60

यह भी पढ़ें- आज फिर लगी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग, हुई भारी बढ़ोत्तरी

आज को मिलाकर दस दिन में डीजल के दाम आठ बार बढ़ाए गए हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कई शहरों में डीजल 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है। इस सप्ताह पेट्रोल कीमतों में आज पांचवीं बार बढ़ोतरी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने 24 सितंबर से ईंधन कीमतों में फिर से संशोधन का सिलसिला शुरू किया है। 24 सितंबर से आठ बार में डीजल दो रुपये प्रति लीटर से ज्यादा और पेट्रोल एक रुपये प्रति लीटर से ज्यादा महंगा हुआ है।

यह भी पढ़ें- महंगाई की मार झेल रही जनता को फिर लगा झटका, लगातार तीसरे दिन बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम