आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय लगातार शिकंजा कस रही है। ईडी ने सोमवार को आज नेता दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया। ये कार्रवाई महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बैंक फ्रॉड केस में की गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले के तार पहले से गिरफ्तार पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सबूत जुटाने और वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए ईडी ने देशभर में छापेमारी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने सोमवार सुबह गोवा और दिल्ली में दीपक सिंगला, महेश सिंगला, अमरिक गिल और अन्य से जुड़े कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य सबूतों के आधार पर दीपक सिंगला को गिरफ्तार में लिया गया। ईडी का कहना है कि महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े लोगों पर बैंकों के साथ कथित धोखाधड़ी कर लगभग 155 करोड़ रुपये की राशि हड़पने का आरोप है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर गबन की गई रकम किन खातों और व्यक्तियों तक पहुंचाई गई।
इस मामले में दीपक सिंगला के अलावा महेश सिंगला और अमरिक गिल के नाम भी जांच के दायरे में आए हैं। ईडी फिलहाल वित्तीय लेन-देन और संभावित नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- AAP को बड़ा झटका, कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद पंजाब के कैबिनेट मंत्री को ED ने किया गिरफ्तार
वहीं ईडी की कार्रवाई पर आप प्रमुख अविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दीपक सिंगला की गिरफ्तारी राजनीतिक कारणों से की गई है। केजरीवाल ने दावा किया कि सिंगला को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया और विपक्ष के लिए काम कर रहे थे।
इससे पहले सौ करोड़ से अधिक के कथित फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग केस में करीब सात घंटे लंबी चली रेड के बाद ईडी ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा व उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी चंडीगढ़ में संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास से कई गई है।



















