प्रधानमंत्री के लाल टोपी वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, BJP को महसूस होने लगा राजनीतिक अस्तित्व का खतरा

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल टोपी वाले बयान पर मंगलवार को यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा है कि लाल टोपी का डर भाजपा नेताओं में घर कर गया है। उनको अब अपने राजनीतिक अस्तित्व का खतरा महसूस होने लगा है। भाजपा की लाल बत्ती गुल होने वाली है। इस सच्चाई से भाजपा अच्छी तरह परिचित हो गई है तभी वह समाजवादी पार्टी पर अनर्गल आरोप लगाने लगी है।

सपा मुखिया ने अपने बयान में कहा कि भारतीय संस्कृति का जब-तब दम भरने वाले भाजपा नेताओं को पता नहीं यह जानकारी है कि नहीं कि हनुमान जी का रंग लाल है। सूरज का रंग लाल है। हर एक के जीवन में लाल रंग है। लाल रंग बदलाव का भी है। खून का भी रंग लाल है। इस सबकी भाजपा को समझ नहीं है क्योंकि उसकी नीतियां तो नफरत फैलाने वाली है। काली टोपी वाले यह नहीं समझ पाएंगे क्योंकि उनकी सोच संकीर्ण है।

साथ ही कहा कि भाजपा नेताओं को देश की भावनाओं से कोई लेना देना नहीं। किसानो- नौजवानों की समस्याओं के प्रति उसका रूख उपेक्षापूर्ण है। किसानों से किए गए वादों को भाजपा भूल गई है। यही नहीं उसने अपने चुनाव संकल्प पत्र में जो वादे किए थे उन्हें भी वह कूड़े के ढेर में डाल चुकी है। नौजवानों को रोजगार के झूठे आंकड़ों से भ्रमित किया जाता है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में योजनाओं की सौगात दे प्रधानमंत्री ने सपा पर बोला हमला, लाल टोपी वालों को बताया यूपी के लिए खतरे की घंटी

सपा सुप्रीमो ने कहा कि संसदीय जनतंत्र में भाषा और व्यवहार की मर्यादा से दल और व्यक्ति का परिचय होता है। भाजपा नेतृत्व में भाषा का संयम मिटता जा रहा है। उसका आचरण भी मर्यादा लांघता नज़र आने लगा है। लोकतंत्र का एक प्रमुख अंग सत्तापक्ष के बाद विपक्ष होता है। भाजपा सत्‍ता के अहंकार में इतना डूब गई है कि वह विपक्ष को लांछित करने से नहीं चूकती है। सत्ताशीर्ष से विपक्षी नेताओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कर व्यक्तिगत आरोप लगाया जाना लोकतंत्र में अवांछनीय है।

सच तो यह है कि भाजपा 2022 के चुनावों में हार की आशंका से इतना भयभीत है कि वह अपना विवेक और संयम दोनों खो चुकी है। उसने  लोकलाज भी छोड़ दी है। जनता ने तय कर लिया है कि वह भाजपा के अब तक के जनविरोधी कामों के लिए मतदान में उसका सफाया करके ही दम लेगी।

यह भी पढ़ें- मुख्‍यमंत्री के बयान पर अखिलेश ने कहा, लाल टोपी से इतना क्‍यों डरते हैं सीएम योगी