सत्‍ता संरक्षण से बेखौफ अपराधी योगी सरकार में दिनदहाड़े का रहे सड़कों पर अपराध: अखिलेश

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को एक बार फिर उत्‍तर प्रदेश की कानून-व्‍यवस्‍था को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज का अंधेरा है, कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, दबंगों को सत्ता का संरक्षण है, जिससे बेखौफ अपराधी योगी सरकार में दिनदहाड़े सड़कों पर अपराध कर रहे हैं।

सपा सुप्रीमो ने आज एक बयान में प्रयागराज व उन्‍नाव में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रयागराज में सरेआम सड़क पर वकील और उसके सरकारी सुरक्षा गार्डों के साथ हत्या हुई। इसी तरह से उन्नाव के सफीपुर में दबंगों ने 15 साल की छात्रा को अगवा कर गैंगरेप किया। उसके बाद छात्रा की हत्या कर शव पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर फेंक दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए हत्या के बाद शव को वाहन से रौंद दिया। इसके अलावा चंदौली के चकिया में स्कूल जा रही छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मोहनलालगंज लखनऊ में एक छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर स्कूल जाना ही छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाकर बोले अखिलेश, भाजपा सरकार ने राज्य को बना डाला रेप स्टेट

इतना ही नहीं कानपुर में पुलिस चौकी के पास एक मिनट में दो लोगों से लूट की वारदात हुई। बुलदंशहर में खेत की मेड के विवाद में सरेआम चली गोलियां। देश में सबसे ज्यादा खराब कानून-व्यवस्था भाजपा शासित यूपी की है। अखिलेश ने कहा कि यूपी की बद से बदतर कानून-व्यवस्था के ये चंद उदाहरण है। आम जनता खौफजदा है, जबकि सत्ता के नशे में भाजपा नेताओं की आखों पर पट्टी पड़ गयी है। उन्हें उत्तर प्रदेश में अंधेर राज दिखाई नहीं दे रहा है।

भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए सपा मुखिया ने कहा कि आम आदमी की सुरक्षा भगवान भरोसे हैं। भाजपा सत्ता की पूरी ताकत राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने में लगा रही है। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं और आम जन की सुरक्षा से मतलब नहीं है।

अखिलेश ने आरोप लगाते हुए यह भी आज दावा किया है कि भाजपा की पूरी कोशिश लोकतंत्र को खत्म करने की है। आम जनता और गरीब को न्याय नहीं मिल रहा। न्याय मांगने पर लोगों को थाने में नंगा कर धमकाया जा रहा। भाजपा की डबल इंजन सरकार में उत्पीड़न, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कानून-व्यवस्था का अंतिम संस्कार कर दिया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी सरकार पर निशाना, यूपी में कोई दिन ऐसा नहीं जब बहन-बेटियों की इज्जत पर न होता हो हमला