कार-ट्रैक्टर की टक्कर में तीन मासूमों समेत आठ बरातियों की मौत, छह घायल

बारातियों की मौत

आरयू वेब टीम। बिहार के खगड़िया में आज दर्दनाक हादसा हो गया है। कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर में तीन मासूमों समेत बारातियों की मौत, जबकि छह अन्य घायल हो गए है। सभी मृतक एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे और बारात में शामिल हो घर लौट रहे थे। इसी दौरान एसयूवी कार की टक्कर ट्रैक्टर से हो गई। हादसे की आवाज सुन स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवों कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मिली जानकारी के मुताबिक ये दुर्घटना आज सुबह करीब साढ़े छह बजे पसराहा इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ जब दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे और आपस में टकरा गए। जिसमें तीन बच्‍चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई है। ये हादसा जीप और ट्रैक्टर के बीच हुआ था। हादसे में छह अन्य घायल भी हुए हैं।

यह भी पढ़ें- जौनपुर: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार अर्टिगा एक ही परिवार के सात सदस्‍यों की दर्दनाक मौत, दो की हालत गंभीर

अधिकारी ने बताया कि जीप में सवार लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर, ट्रैक्टर क्षमता से अधिक भरा हुआ था। जो लोग जीप में थे उनकी दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी घायल लोगों को एक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

खगड़िया पुलिस अधीक्षक चंदन कुशवाहा ने भी इस मामले पर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचेऔर मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतकों के नाम गौतम कुमार (दस), मोनू कुमार (11), दिलखुश कुमार (12), अमन कुमार (19), बंटी कुमार (22), अंशु कुमार (22), पालेश्वर ठाकुर (58) और प्रकाश सिंह (59) हैं, सभी मृतक खगड़िया जिला के परबत्ता और भरतखंड थाना क्षेत्र के निवासी हैं।