बोले अखिलेश, “व्यापारियों को परेशान कर रही योगी सरकार, समय बदलने पर होगी भ्रष्‍ट अफसरों पर कार्रवाई”

सरकार की गलत नीतियां

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/कानपुर। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार व्यापारियों को परेशान कर रही है। व्यापारियों की जाति-धर्म देखकर छापे मारे जाते हैं। सरकार के जिस विभाग को व्यापारियों की मदद करनी चाहिए वहीं परेशान कर रहा है। व्यापारी पहले से ही जीएसटी और नोटबंदी से परेशानी में है। ऊपर से ये सरकार छापे मार कर व्यापारियों को प्रताड़ित कर रही है। अखिलेश ने योगी सरकार के अफसरों पर भी आज निशाना साधते हुुए कहा कि सरकार बदलने पर बीजेपी सरकार के भ्रष्‍ट अफसरों पर भी कार्रवाई होगी।

अखिलेश ने शनिवार को कानपुर दौरे के दौरान कानपुर अग्निकाण्ड की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि सरकार को व्यापारियों की मदद करनी चाहिए। इस दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि जातीय जनगणना होने से ही सभी जातियों को सामाजिक न्याय मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना हो और सभी जातियों में उनकी आबादी के हिसाब से आरक्षण मिले। भाजपा ओबीसी की दुश्मन है। जो रामराज्य की बात कर रहे हैं वह जातीय जनगणना क्यों नहीं कराना चाहते हैं?

कभी नहीं थी इतनी भ्रष्‍ट सरकार व अफसर

सपा सुप्रीमो ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थायी डीजीपी नहीं है, इसीलिए पुलिस खुलेआम अन्याय और भ्रष्टाचार कर रही है। इतना बड़ा यूपी है, भाजपा यहां कार्यवाहक डीजीपी बनाती है। एक कार्यवाहक डीजीपी का कार्यकाल खत्म हुआ अब दूसरा कार्यवाहक डीजीपी लायी है। उन्होंने कहा कि इतनी भ्रष्ट सरकार और इतनी भ्रष्ट पुलिस और अधिकारी कभी नहीं थे। प्रदेश में जब बदलाव होगा, भाजपा के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। एक अधिकारी जिसने नोएडा में भ्रष्टाचार किया लूट मचाई, सरकार ने उसे कानपुर भेज दिया। सब रिकॉर्ड में है। समय बदलेगा तो भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी।

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। हर चीज के दाम बढ़ गये हैं। जनता परेशान है। बिजली के गलत बिल आ रहे हैं। भाजपा सरकार ने शहरों में न सफाई का कोई इंतजाम किया और न ही कूड़े के निस्तारण की समुचित व्यवस्था की है। केन्द्र और प्रदेश सरकार से जो सफाई के लिए बजट आया उसका भाजपा के लोगों ने क्या किया? शहरों में हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और बिजली का बिल महंगा देना पड़ रहा है। शहरों में भाजपाई तालाबों पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे हैं।

महंगाई, बेरोजगारी पर झूठे आंकड़े देती है भाजपा सरकार

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी पर झूठे आंकड़े देती है। झूठ बोलती है। भाजपा महंगाई बेरोजगारी पर बात नहीं करना चाहती है। पिछले इन्वेस्टर समिट में सरकार ने जो दावा किया था वह जमीन पर नहीं उतरा। किसी को रोजगार नहीं मिला। अपना झूठ छिपाने के लिए भाजपा सरकार 200 करोड़ रूपये में एक अमेरिकी एजेंसी की मदद ले रही है।” साथ ही कहा कि जनता दुःखी है।

अखिलेश ने आज यह भी दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद बड़ा परिवर्तन दिखाई देगा। भाजपा उत्तर प्रदेश में हारकर जाएगी। यूपी में भाजपा सरकार अन्याय कर रही है। बुलडोजर से कानपुर देहात में मां-बेटी की जान चली गई। कानपुर में ही पुलिस ने बलवंत सिंह की हत्या कर दी। इस परिवार को न्याय नहीं मिला है।

बेच दी देश की बड़ी-बड़ी कम्पनियां

हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग जनता को झूठा सपना दिखाते है। भाजपा काम नहीं करती सिर्फ प्रचार करती है। देश की बड़ी-बड़ी कम्पनियां बेच दी। एयरपोर्ट, पोर्ट, बेच दिया। भाजपा सरकार ने एसबीआई और एलआईसी जैसी सरकारी संस्थाओं का पैसा अपने मित्र उद्योगपति को दिला दिया। भाजपा सरकार ने जिस उद्योगपति को दुनिया में नम्बर दो पर पहुंचाया उसकी कम्पनियां डूब रही है। सरकारी पैसा भी डूब रहा है। भाजपा ने सरकारी संस्थाओं पर दबाव बनाकर पैसा लगवाया है। यह जनता का पैसा है। सरकार जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?

यह भी पढ़ें- आरिफ का दोस्त सारस छीनने से भड़के अखिलेश, बोले दाना खिलाने वाले से भी छीनो मोर