बोले संजय सिंह, काले कानूनों के खिलाफ आंदोलित किसानों की जा रही जान, भाजपा सरकार कर रही उनके साथ दुश्‍मनों जैसा व्‍यवहार

किसानों की जा रही जान
मीडिया के सामने अपनी बात रखते संजय सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ अंदोलनरत किसानों के समर्थन में मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि काले कानूनों के खिलाफ आंदोलित किसानों की जानें जा रहीं हैं और केंद्र की भाजपा सरकार उनके साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और लाठियों से पीटा जा रहा है। किसानों को अपमानित करने के लिए आतंकवादी, खालिस्तानी, पाकिस्तानी और चीन से मिले होने का आरोप लगा रहे हैं।

आज मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अध्‍यक्ष अरविंद केजरीवाल ने संकल्प लिया है कि ‘आप’ का एक-एक कार्यकर्ता किसानों के साथ है और संसद से सड़क तक काले कानूनों का विरोध करेगा।

हमला जारी रखते हुए संजय सिंह ने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ कहने के लिए 130 करोड़ लोगों की सरकार है, दरअसल यह पूंजीपतियों की गुलाम सरकार है। जब तक ये पूंजीपति कुछ नहीं कहेंगे, तब तक सरकार करोड़ों किसानों की मांग नहीं सुनेगी। मोदी सरकार किसानों के धैर्य की परीक्षा न ले और यह काला कानून वापस ले। अगर किसानों का आक्रोश फूटेगा, तो सरकार को बहुत गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- Video Tweet कर प्रियंका ने कहा,“किसानों को बुलाने वाली सरकार बरसा रही आंसू गैस के गोले, इसी क्रूर व्‍यवहार ने ली अब तक 60 किसानों की जान”

संजय सिंह ने आगे कहा कि देश का किसान बड़ी उम्मीदों के साथ मोदी सरकार की ओर देख रहा था कि शायद कल की वार्ता अंतिम वार्ता होगी। किसानों को उम्मीद थी कि यह काला कानून वापस ले लिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस बिल के लिए पूरा देश आंदोलित है, जिसमें 60 किसानों ने अपनी शहादत दी है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का किसान अपनी जान दे रहा है। उन किसानों के साथ सरकार, दुश्मन जैसा व्यवहार कर रही है। दो दिन पहले मनोहर लाल खट्टर की सरकार ने अन्‍नदाताओं पर आंसू गैस के गोले बरसाए। किसानों के ऊपर मिर्ची पाउडर के गोले छोड़े गए। ऐसा लग रहा है कि किसी दुश्मन देश के नागरिकों के साथ युद्ध लड़ा जा रहा है। ऐसा लगता है कि ऊपर से लेकर नीचे तक जनरल डायर का शासन आ चुका है। जिस तरह से जनरल डायर ने गोलियां चलवा कर पंजाब के हमारे भाइयों की जान ली थी, उसी तरह का दृश्य देखने को मिल रहा है।