आरयू वेब टीम। केंद्रीय बजट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि बजट में भाजपा के ‘खोखले दावों’ की पोल खुल गई है, क्योंकि किसानों की आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
प्रियंका गांधी ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से एक न्यूज ट्वीट कर कहा कि जब भाजपा सरकार बजट में किसानों के हित की खोखली बातें कर रही थी, उसी समय उत्तर प्रदेश के बांदा में किसान आत्महत्या की घटना सरकार के दावों की पोल खोल रही थी।
बुदेलखंड में कर्ज के चलते किसान आत्महत्या की घटनाएं रुक नहीं रही हैं, लेकिन भाजपा ने इसकी कभी सुध नहीं ली। उन्होंने ये टिप्पणी उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में एक किसान की कथित आत्महत्या को लेकर मीडिया में आई खबर पर की।
यह भी पढ़ें- प्रियंका ने मोदी से पूछा, किसानों, युवाओं व महिलाओं की समस्याओं को नकारना कैसा राष्ट्रवाद, मां सोनिया गांधी के लिए रायबरेली में रोड शो भी किया
बताते चलें कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रियंका गांधी राज्य की योगी सरकार हो या फिर केंद्र की मोदी सरकार सब पर सवाल उठातीं रही हैं। इससे पहले प्रियंका ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि यूपी सरकार ने किसानों को परेशान करने के कई तरीके ईजाद किए हैं। कर्जमाफी के नाम पर धोखा किया। बिजली बिल के नाम पर उनको जेल में डाला और बाढ़-बारिश से बर्बाद फसल का कोई मुआवजा नहीं मिल रहा है। यूपी में बीजेपी सरकार को किसान की याद केवल विज्ञापन में आती है।




















