BJP ने बचाई कैंट विधानसभा सीट, सुरेश तिवारी ने 35 हजार वोटों से हासिल की जीत

सुरेश चंद्र तिवारी
जीत के बाद समर्थकों के साथ खुशियां मनाते सुरेश चंद्र तिवारी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा के उपचुनाव में सत्‍ताधारी पार्टी अपनी कैंट विधानसभा (लखनऊ) की सीट बचाने में सफल रही। यहां भाजपा के उम्‍मीदवार सुरेश चंद्र तिवारी ने सपा के मेजर आशीष चतुर्वेदी को करीब 35 हजार वोटों से मात देते हुए सीट को बीजेपी की झोली में डाल दी है।

उपचुनाव की 25 राउंड तक चली गिनती के बाद सुरेश चंद्र तिवारी को विजयी घोषित कर दिया गया। उन्हें कुल 56 हजार 153 वोट मिले हैं। जबकि दूसरे स्‍थान पर रहे सपा के आशीष चतुर्वेदी को 20 हजार 952 वोटों से संतोष करना पड़ा।

सुरेश चंद्र ने आज मतदान के पहले राउंड से ही बढ़ता बना ली थी, जो अंत तक कायम रही। वहीं कांग्रेस के दिलप्रीत सिंह 19 हजार 283 वोटों के साथ तीसरे स्‍थान पर रहें। जबकि बीएसपी का प्रदर्शन यहां बिल्‍कुल ही निराश रहा। बसपा उम्‍मीदवार अरुण द्विवेदी के खाते में मात्र दस हजार 561 वोट आएं हैं।

सपा प्रत्‍याशी ने लगाया धांधली का आरोप, सिर मुंडवाने का भी दिया चैलेंज

वहीं चुनावी नतीजों को लेकर सपा प्रत्‍याशी आशीष चतुर्वेदी ने ईवीएम में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर बैलेट पेपर पर चुनाव कराए जाते तो भाजपा को इसके आधे भी वोट भी न मिलते। साथ ही दिलकुशा स्थित केंद्रीय विद्यालय के मतदान केंद्र का जिक्र करते हुए कहा कि यहां उन्‍हें मात्र 46 वोट मिलने की बात दिखाई जा रही है, जबकि उनको सेना के जवानों ने काफी संख्‍या में वोट दिया था। उन्होंने चुनौती दी कि बैलेट पेपर पर चुनाव कराए जाए और अगर भाजपा को आधे भी वोट मिल जाएं तो वे सिर मुंडवा लेंगे।

जनता ने लगायी भाजपा सरकारों की नीतियों पर मुहर: स्वतंत्र देव

दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पूरब से पश्चिम तक मिली जीत से साफ है कि जनता ने एक बार फिर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की सबका साथ-सबका विकास की नीतियों पर मुहर लगायी है और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विश्‍वास व्यक्‍त किया है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा उपचुनाव: लखनऊ की कैंट सीट ने तोड़ा 28 सालों का रिकॉर्ड, 30 प्रतिशत भी नहीं हुई वोटिंग