बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री के बेटे ने थामा भाजपा का दामन, पूर्व DIG व पूर्व विधायक ने भी ली BJP सदस्‍यता

चिराग उपाध्याय
गुलदस्ता, देकर स्वागत करते स्वतंत्र देव सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मायावती के करीबी माने जानें वाले बसपा के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिराग उपाध्याय ने भाजपा का दामन थाम लिया है। गुरुवार को यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में चिराग उपाध्याय को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने चिराग उपाध्याय को लखनऊ में पार्टी की सदस्यता दिलाई। चिराग के साथ ही पूर्व विधायक अरुण मल्होत्रा तथा पूर्व डीआइजी कृपाशंकर सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए।

गौरतलब है कि चिराग उपाध्याय ने कहा था, ”मैं मोदी जी और योगी जी की कार्य शैली से प्रभावित हूं, श्रीराम का भक्त हूं और अब देश में राम मंदिर बनने जा रहा है। देश में और भी बहुत अच्छे काम हो रहे हैं। इसलिए बीजेपी की विचारधारा से जुड़कर देश की सेवा करना चाहता हूं।” वहीं, भाजपा में शामिल होने के सवाल पर चिराग ने कहा था कि बीजेपी में अपनी बात रखने की आजादी है।

यह भी पढ़ें- #FarmBills: भाजपा ने कहा, किसानों को किया जा रहा गुमराह, विपक्ष पर पलटवार भी किया

वहीं अगस्त में रामवीर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि वो भी जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। रामवीर उपाध्याय बहुजन समाज पार्टी से चार बार (1996, 2002, 2007, 2012) विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। वह बसपा सुप्रीमो मायावती के बेहद करीबी रहे हैं। उन्हें सतीश चंद्र मिश्रा के बाद पार्टी का प्रमुख ब्राह्मण चेहरा माना जाता है।

लोकसभा चुनाव के दौरान ही रामवीर उपाध्याय का भाजपा की ओर झुकाव दिखा। उन्होंने कभी बीजेपी के समर्थन में अपील की तो कभी भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह को गले लगाया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपी में लोकसभा के नतीजों से पहले ही पार्टी से से निलंबित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- नेता-कार्यकर्ताओं से बोले स्‍वतंत्र देव, “भाजपा को बनाएं अभेद्य किला, विपक्ष आपकी सक्रियता व समर्पण के आगे टेक दे घुटने”