बस अड्डों का लोकार्पण कर CM योगी ने कहा, कसौटी पर खरा उतर परिवहन निगम ने किया खुद को साबित

परिवहन निगम
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमत्री।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरीए अपने सरकारी आवास पर परिवहन निगम के बस अड्डों व कई योजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के संकट के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अपने आप को साबित किया है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में हर व्यक्ति एवं संस्था अपना काम कर सकती है, लेकिन मगर आपदा एवं चुनौतियों से जूझते हुए परिणाम दे पाना यह किसी भी व्यक्ति और संस्था के लिए सबसे बड़ी कसौटी होती है। उस कसौटी पर खरा उतरकर परिवहन निगम ने खुद को साबित किया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आज के समय में जनता अच्छी सुविधाएं चाहती है। लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतर व्यवस्था चाहिए, जहां सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। इस दृष्टि से अगर हम जनता को सुविधाएं दे सकेंगे, तो वह देश और दुनिया के लिए मॉडल होगा। परिवहन विभाग निरंतर इस दिशा में प्रयत्‍नशील है।

उन्‍होंने कहा कि लोगों के मन में तमन्ना थी कि हमारे बस स्टेशन भी एयरपोर्ट की तर्ज पर चमकते हुए दिखाई देने चाहिए। इस परिकल्पना को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम आज साकार करता हुआ दिखाई दे रहा है। सीएम ने आगे कहा कि हमने विगत वर्ष लखनऊ में एक बस स्टेशन का लोकार्पण किया था। आज हम लखनऊ में एक और बस स्टेशन का लोकार्पण कर रहे हैं। जबकि कोविड-19 के प्रोटोकॉल को पूरा करते हुए परिवहन निगम अपने कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। इस दौरान मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- CM योगी का अफसरों को निर्देश, UP में कराएं प्रतिदिन 35 हजार कोरोना टेस्‍ट

योगी ने आगे कहा कि कोरोना संकट काल में राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने प्रवासियों और छात्रों को उनके घर तथा गांव तक लौटने की सुविधा प्रदान करने के लिए दिन-रात काम किया। इससे साबित होता है कि परिवहन निगम लोगों का दोस्त है। कहा जाता है कि जरूरत पडऩे पर जो काम आए वह दोस्त कहलाता है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा प्रदान करने के संकल्प के साथ नवीन बस स्टेशन उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही आने वाले समय में कुछ और नए बस स्टेशन उपलब्ध होंगे। यह परिवहन विभाग की अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है इसके लिए मैं प्रदेशवासियों को भी हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।

इस दौरान योगी ने मुख्यमंत्री आवास पर परिवहन निगम के कार्यक्रम में बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने लखनऊ में अवध, सीतापुर में नैमिषारण्य, चित्रकूट, बस्ती, गोंडा और बुलंदशहर बस अड्डों का लोकार्पण किया।  साथ ही कन्नौज, जालौन, मुरादाबाद, औरैया, एटा, जौनपुर और कौशाम्बी समेत सात बस अड्डे का शिलान्यास किया। इस अवसर पर सांसद मोहनलालगंज कौशल किशोर, परिवहन मंत्री अशोक कटारिया व मुख्य सचिव आरके तिवारी भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- कोरोना आंकड़ों में हो रही गड़बड़ी पर CM योगी ने जताई नाराजगी, सही जानकारी फीड न करने पर मेडिकल कॉलेज व CMS होंगे जवाबदेह