कांग्रेस का आरोप, राज्य में प्रजातंत्र का चीरहरण कर सत्ता हथियाना चाहती है भाजपा, लेकिन नहीं होगी सफल

प्रजातंत्र का चीरहरण
मीडिया से बात करते कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। मध्य प्रदेश की राजनीतिक में हलचल के बीच अब कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। गुरुवार को संसद परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भाजपा देश के अलग-अलग हिस्सों में लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही है। पिछले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश-राजस्थान में इसका उदाहरण देखने को मिला है।

मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात पर गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी के साथ प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें उन्होंने भाजपा पर राज्य की सरकार को गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि। भाजपा पर आरोप लगाया गया है कि वह कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों को 100-100 करोड़ रुपये और मंत्री पद देने की पेशकश की थी। उन्‍होंने दावा किया कि भाजपा राज्य में प्रजातंत्र का चीरहरण करके सत्ता हथियाना चाहती है, लेकिन सफल नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का आरोप, कमलनाथ सरकार को गिराने की साजिश रच रही भाजपा

गुलाम नबी आजाद ने कहा, “देश में पिछले चार-पांच साल से लोकतंत्र हर राज्य में खत्म किया जा रहा है। भाजपा राज्यों में लोकतंत्र को खत्म कर रही है। इस संकट की शुरूआत अरुणाचल प्रदेश से हुई थी। मणिपुर, गोवा, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक उदाहरण हैं किस तरह से भाजपा ने सरकारें बनाई।“

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि जब भी राज्यसभा का चुनाव आता है तब भाजपा को सरकारें गिराने का बुखार तेजी से आता है। मध्य प्रदेश में ये चौथी कोशिश है सरकार गिराने की। हमारे विधायकों को दूसरे राज्यों में छिपाया जहां भाजपा की सरकारें हैं। भाजपा जोड़-तोड़ से और पैसे के दम पर सरकार बनाना चाहती है। हम इसकी निंदा करते हैं।

वहीं रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ”आयाराम, गयाराम ही अब मध्य प्रदेश में भाजपा का एकमात्र रास्ता है। मध्य प्रदेश कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत में है, लेकिन करोड़ों रूपये की बोली लगा विधायकों का ईमान खरीदने का षडयंत्र किया जा रहा है।” ‘भाजपाई जान लें कि वे अपने कुत्सित मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होने वाले हैं।” सुरजेवाला ने दावा किया, ” भाजपा प्रजातंत्र का चीरहरण कर सत्ता की भूख मिटाना चाहती है। मध्य प्रदेश में माफिया हारेगा – भाजपा हारेगी – जनादेश जीतेगा।” उन्होंने सवाल किया कि भाजपा खरीद-फरोख्त करने की बजाए, सदन के पटल पर बहुमत से क्यों भाग रही है?

यह भी पढ़ें- CM कमलनाथ के पूर्व OSD और सलाहकार के घर आयकर विभाग का छापा