बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने निकाला तांगा-रिक्‍शा मार्च, पुलिस ने हिरासत में लिया

तांगा-रिक्‍शा मार्च

आरयू ब्‍यूरो,लखनऊ।  लगातार बढ़ते पेट्रोल, डीजल और गैस व खाद्यय पदार्थों की कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने शहर में कई स्‍थानों पर तांगा-रिक्शा मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेसियों ने मोदी-योगी विरोधी जमकर नारेबाजी भी की। वहीं प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेराबंदी कर परिवर्तन चौक और बालागंज चौराहे से हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस के दोनो शहर अध्यक्षों के साथ तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने आज करीब 11 बजे बालागंज चौराहे से तांगा और रिक्शा लेकर आगे बढ़े। पुलिस ने बालागंज चौराहे पर ही बैरीकेडिंग लगा रखी थी। पुलिस ने ज्ञापन देकर नेताओं को लौट जाने को कहा मगर प्रदर्शनकारी चौक चौराहे तक जाने की जिद पर अड़े थे जिस पर उनको हिरासत में ले लिया गया।

वहीं परिवर्तन चौक पर पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान मुकेश सिंह चौहान का कहना था कि पुलिस तानाशाही पर उतारू है। लोग सरकार की गलत नीतियों का विरोध तक नही कर सकते। वहीं मौजूदा अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव का कहना है कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन पुलिस जबरन रोक रही है।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर राहुल का मोदी पर निशाना, “महंगाई का विकास जारी, पीएम की बस मित्रों को जवाबदारी”

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को घरों पर ही रोकने की कोशिश की गयी। रास्तों पर पुलिस लगा दी गयी है, ताकि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता पहुंच नहीं सके, लेकिन कांग्रेस पार्टी सरकार से डरने वाली नहीं है। जब तक सरकार पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी नहीं करती तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करते रहेंगे।

बता दें कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस पहले से ही लगातार विरोध जताते हुए प्रदर्शन करती आ रही है। सोमवार को प्रदेश नेतृत्व के आहवान पर कई जगह रिक्शा-तांगा मार्च प्रस्तावित था। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बालागंज चौराहे से चौक चौराहे के बीच तांगा और रिक्शा चलाकर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी।

यह भी पढ़ें- गैस, डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों पर राहुल ने कहा, जनता महंगाई से त्रस्‍त, मोदी सरकार टैक्‍स वसूलने में मस्‍त