जनता को लगा महंगाई का ट्रिपल डोज, गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा, चुनाव बाद पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ना शुरू

महंगाई का ट्रिपल डोज

आरयू वेब टीम। यूपी समेत पांच राज्‍यों का चुनाव खत्म होने के बाद जैसा अंदाजा लग रहा था, वैसा ही हुआ है। मंगलवार की सुबह आम लोगों को महंगाई का ट्रिपल झटका लगा है। दरअसल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान एलपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों से जनता को कुछ राहत मिल रही थी, लेकिन आज जहां पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं तो वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की दाम में भी इजाफा हो गया है।

14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। कई महीने के अंतराल के बाद एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़े हैं। आखिरी बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट छह अक्टूबर 2021 को बदले थे। इस बढ़ी कीमत के बाद दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 949.5 रुपये हो गई है। इससे पहले यह 899.50 रुपए थी। पांच किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 349 रुपए, दस किलो वाला 669 रुपए और 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2003.50 रुपए में मिलेगा।

शहर             पहले                 अब

दिल्ली          899.50 रुपए           949.50 रुपए

मुंबई           899.50 रुपए           949.50 रुपए

लखनऊ       937.50 रुपए           987.50 रुपए

कोलकाता     926.00 रुपए          976.00 रुपए

चंडीगढ़        909.00 रुपए          959.00 रुपए

पटना          989.50 रुपए          1039.50 रुपए

शिमला        945.00 रुपए          995.00 रुपए

देहरादून       918.00 रुपए          968.00 रुपए

भोपाल         905.00 रुपए          955.00 रुपए

जयपुर         903.00 रुपए          953.00 रुपए

यह भी पढ़ें- अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम, जानें क्‍या होगी कीमत

वहीं देशभर में लगभग चार महीने बाद पेट्रोल और डीजल के दाम में भी करीब 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 95.41 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 96.21 रुपए प्रति लीटर हो गई। दूसरी ओर, एक लीटर डीजल का रेट 86.67 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 87.47 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया। मुंबई में पेट्रोल 110.82, डीजल 95.00, कोलकाता में पेट्रोल 105.51, डीजल 90.62 और चेन्नई में पेट्रोल 102.16 और डीजल 92.19 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल व गैस के दाम पर बढ़ने पर राहुल ने कहा, “लॉकडाउन हट गया, अब सरकार लगातार करेगी कीमतों का विकास”

शहर         पेट्रोल     डीजल

दिल्ली          96.21 रुपए   87.47 रुपए

मुंबई           110.82 रुपए  95.00 रुपए

कोलकाता     105.51 रुपए   90.62 रुपए

चेन्नई           102.16 रुपए   92.19 रुपए

पटना          105.90 रुपए   91.09 रुपए

भोपाल         107.23 रुपए   90.87 रुपए

जयपुर         107.06 रुपए   90.70 रुपए

इससे कुछ दिन पहले ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने बल्क कस्टमर्स के लिए डीजल के दाम में 25 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी थी।

बता दें कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़ रहे हैं और अक्टूबर 2021 से एक मार्च  2022 के बीच कामर्शियल सिलेंडर के दाम 275 रुपये बढ़ाए जा चुके हैं जिसका असर भी देखा जा रहा है। अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम जनता को सबसे बड़ा झटका लगा है।

यह भी पढ़ें- चुनावी मौसम में कम हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम