कार्यसमिति बैठक में जयंत चौधरी का संकल्प, लोकसभा चुनाव में INDIA के साथ ही मिलकर लड़ेगी RLD

इंडिया रालोद
बैठक को संबोधित करते जयंत चौधरी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बनाए गए विपक्षी गठबंधन इंडिया के भविष्य को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रीय लोकदल के इंडिया गठबंधन के साथ रहने के संकल्प को दोहराया। आज सूबे की राजधानी लखनऊ में आयोजित रालोद की कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जयंत चौधरी ने अटकलों को खारिज करते हुए एक बार साफ तौर पर कहा है कि रालोद लोकसभा चुनाव में इंडिया के साथ ही मिलकर तानाशाही सरकार और फिरकापरस्‍तों से सामना करेगी।

जयंत ने आज भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि गन्‍ना के रस से इथेनॉल उत्पादन पर रोक किसानों पर मार है। प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध से किसानों की कमर टूट रही और सरकार किसानों को 14 दिन में गन्‍ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उक्त अवैधानिक कार्यो के विरुद्ध सत्तारूढ दल से संघर्ष में आम जनमानस एवं मीडिया को भी अपना योगदान सुनिश्चित करना होगा।

वहीं जयंत चौधरी ने इको गार्डन में धरने पर बैठे शिक्षकों को नियुक्ति न दिये जाने पर योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए शिक्षकों को उनके संघर्ष में सड़क से संसद तक साथ देने की घोषणा की। इसके अलावा सात जनवरी को मेरठ में युवा संसद के आयोजन की घोषणा करन के साथ ही 23 दिसंबर चौधरी चरण सिंह की जयंंती तक स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं किये जाने व किसानों को उनकी उपज का डेढ़ गुना लाभकारी मूल्य न दिये जाने की स्थिति में दिनांक 26 दिसंबर को लखनऊ में धरना आयोजित करने का ऐलान किया।

इंडिया गठबंधन में रालोद को महत्वपूर्ण घटक

बैठक के दौरान आज रालोद राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने भी सत्ता प्राप्ति के लिए संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए इंडिया गठबंधन में रालोद को महत्वपूर्ण घटक होने की बात कही। उन्‍होंने कहा किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंंन्त सिंह निरंतर संघर्ष कर रहे हैं और रालोद का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संघर्ष में तन मन धन से अपने नेता के साथ है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी ने RLD प्रत्याशी की जीत पर जताई खुशी, दोबारा मौका देने का आभार

राष्ट्रीय लोकदल की प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक, आर्थिक व कृषि प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं प्रदेश की कार्यसमिति अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को इंडिया गठबंधन को मजबूत करने के लिए उन्हें पूरा अधिकार देती है। जिससे देश में राजनीतिक परिवर्तन लाने में मजबूती मिले।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कार्यसमिति की आयोजित बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, विधायकगण, पूर्व सांसद व पूर्व विधायक तथा मण्डल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्षों ने भाग लिया और अपने अपने विचार रखे। बैठक को राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद जयंंत चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया तथा बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने की।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल होने के दावों को सिरे से खारिज कर जयंत चौधरी ने कहा, विपक्षी दलों की बैठक में खुद लूंगा भाग