जयंती पर राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री व सोनिया गांधी ने राजघाट पहुंच महात्‍मा गांधी को अर्पित की पुष्‍पांजलि

महात्मा गांधी की जयंती
बापू को नमन करते पीएम नरेंद्र मोदी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आज दो अक्‍टूबर को देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 153 वी जयंती पर याद किया जा रहा है। देश की आजादी की लड़ाई के नायक रहे बापू की प्रतिमाओं के सामने आज उनके मानने वालों के अलावा विरोधी भी अपना सिर झुका रहें हैं। वहीं इस मौके पद देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी समेत देश की तमाम हस्तियों ने राजघाट पहुंच बापू की समाधि स्थल पर पुष्‍पांजलि अर्पित की है।

बापू को याद करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में लिखा कि गांधी जयंती हम सभी के लिए शांति, समता, सांप्रदायिक सद्भाव के गांधी जी के प्रेरक जीवन मूल्यों के प्रति स्वयं को फिर से समर्पित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने पूरी मानवता को उसकी वास्तविक क्षमता दिखाई और यह सिद्ध कर दिखाया कि करुणा में अपार शक्ति होती है।

यह भी पढ़ें- गोडसे को देशभक्‍त बताने पर प्रज्ञा ठाकुर ने फिर जताया खेद, कहा महात्‍मा गांधी का करतीं हूं सम्‍मान

उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में धनखड़ ने कहा, ‘‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर मैं श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। आधुनिक भारत की सर्वाधिक प्रभावशाली विभूतियों में से एक, महात्मा गांधी, आज भी आहत मानवता के लिए नैतिकता का प्रामाणिक मानदंड तथा उम्मीद की किरण हैं। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘विद्वेष से भरे आज के विश्व में, गांधी जी की यह वाणी कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, मानवता का मार्गदर्शन करती है। गांधी जयंती के अवसर पर हिंसा, अतिवाद, आतंकवाद तथा हर प्रकार के भेदभाव से मुक्त, एक शांतिपूर्ण विश्व के लिए प्रार्थना करें।’’

हस्तशिल्प उत्पाद खरीद गांधी जी को अर्पित करें श्रद्धासुमन 

नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जन्म-जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। इस बार गांधी जयंती विशेष है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हम बापू के आदर्शों का हमेशा पालन करें। मैं आप सभी से यह आग्रह भी करता हूं कि खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदें और गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि बापू ने हमें सत्य और अहिंसा के पथ पर चलना सिखाया। प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का अर्थ समझाया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज गांधी जयंती पर, हम प्रण लेते हैं कि जिस तरह उन्होंने देश को अन्याय के खिलाफ एकजुट किया था, वैसे ही अब हम भी अपना भारत जोड़ेंगे।

भारत जोड़ने का लक्ष्य पूरा करने के लिए आपके आदर्श जरूरी

दूसरी ओर भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने आज महात्‍मा गांधी की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण करते हुए कहा कि भारत जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आपके आदर्शों के साथ ही आपका आशीर्वाद भी जरूरी है। हम सभी को शक्ति दें कि हम देश में प्रेम, करुणा, अहिंसा और भाईचारे की ऐसी मशाल जलाएं, जिसमें अन्याय और नफरत का अंधेरा हमेशा के लिए मिट जाए।