कल्याण सिंह को देखने अस्पताल पहुंचीं उमा भारती ने कहा, यकीन है वो ठीक होकर जल्द लौटेंगे, विपक्ष पर भी बोला हमला

अस्पताल पहुंचीं उमा भारती
कल्याण सिंह का हाल पूछतीं उमा भारती।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती बुधवार को लखनऊ पहुंचीं और कल्याण सिंह का हालचाल जाना। उमा भारती ने ट्वीट किया, ”मैं आज पीजीआइ लखनऊ में कल्याण सिंह जी के हाल-चाल जानने के लिए पहुंची। मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह हम सब लोगों के बीच स्वस्थ होकर जल्द वापस आएं।”

उमा भारती ने कहा, आज उत्तर प्रदेश और भारत में भाजपा की जो मजबूत स्थिति बनी है उसमें बाबूजी कल्याण सिंह जी का बड़ा योगदान है और आगे भी हमें उनकी छत्रछाया की जरूरत है। कल्याण सिंह उन विरले नेताओं में से थे जिन्होंने भारत को राम मंदिर से रामराज्य की ओर ले जाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया हैं। मैं भगवान से प्रार्थना कर रही हूं की वो शीघ्र स्वस्थ होकर हम सब के बीच वापस लौटे।

साथ ही कहा कि कल्याण सिंह जी भारत के राजनीति की दुर्लभ व्यक्तित्व हैं’। ”आज जब मैं पीजीआइ लखनऊ में अपने बड़े भाई यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल जानने के लिए उनके सामने पहुंची तो जैसे यादों के गलियारों में पहुंच गई। कल्याण सिंह जी भारत के राजनीति की दुर्लभ व्यक्तित्व हैं।”

यह भी पढ़ें- SGPGI में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक, अगले 48 घंटे अहम

वहीं कल्याण सिंह से मिलने के बाद अस्पताल के बाहर उमा भारती ने मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच सालों में जो कर्म किए हैं, उसका फल उन्हें मिल रहा है और वह सत्ता से बाहर हैं। इस दौरान कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सदन नहीं चलने दे रही है। मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चुनौती देती हूं कि वो हमारा और भाजपा का रास्ता सड़क पर रोक कर देखें। भीड़ में रोक कर देखें। वह जनता के बीच में रोक कर देखें, उन्हें अपनी हैसियत के बारे में पता चल जाएगा।

यह भी पढ़ें- कल्याण सिंह के निधन की उड़ी अफवाह, SGPGI ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया, हालत पहले से बेहतर