SGPGI में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक, अगले 48 घंटे अहम

हेल्थ अपडेट

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक है। उन्हें सांस की तकलीफ लगातार बनी हुई है। उन्हें हाई प्रेशर ऑक्सीजन मास्क (नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन) पर रखा गया। मास्क लगाकर ऑक्सीजन दी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है अगले 48 घण्टे अहम हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की पल-पल निगरानी कर रही है।

एसजीपीजीआइ की ओर से मंगलवार सुबह जारी किए गए स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक कल्याण सिंह की हालत स्थिर नहीं है। शनिवार शाम को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद कल्याण सिंह की ‘ऑक्सीजन थेरेपी’ शुरू की गई। सांस लेने में तकलीफ और बढ़ने पर रविवार शाम से उन्हें ‘नॉन इनवेसिव वेंटीलेशन’ पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें- कल्याण सिंह की बिगड़ी तबीयत, हाल जानने PGI पहुंचे योगी

जारी किए गए बयान के मुताबिक पीसीएम, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडॉक्रिनलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आर. के. धीमान भी नियमित रूप से उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 89 वर्षीय कल्याण सिंह को गत चार जुलाई को संक्रमण और बेहाशी के कारण एसजीपीजीआइ में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में चल रहा था।

यह भी पढ़ें- कल्याण सिंह को देखने PGI पहुंचे CM योगी, जाना हाल