रालोद छोड़ भाजपाई हुए मनजीत सिंह, कांग्रेस व बसपा नेताओं ने भी ली सदस्यता

मनजीत सिंह
भाजपा में नए नेताओं का स्‍वागत करते भूपेंद्र चौधरी व ब्रजेश पाठक।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा अपना कुनबा उत्तर प्रदेश में बढ़ाने में जुटी है। इसी क्रम में रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह को पार्टी में शामिल करवाया गया है। इसके अलावा बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं और उनके समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।

शुक्रवार को लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मनजीत सिंह के साथ ही आरएलडी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलवाई।  आज बनवारी लाल कंछल, नरेंद्र सिंह कुशवाहा, अशोक कुमार कुशवाहा, रमेश चन्द्र दिवाकर और अम्बेष कुमार सिंह ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

इसके अलावा बसपा के लखनऊ के पूर्व जिला अध्यक्ष महादीन गौतम, सहकारी बैंक लिमिटेड जौनपुर के चेयरमैन सरदार मंजीत सिंह, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महामंत्री कुंवर अवधेश प्रताप सिंह, रिटायर्ड जज अशोक कुमार सिंह और रमेश चंद्र दिवाकर व सेवानिवृत अधिकारी उमाशंकर मिश्रा सहित विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले RLD को झटका, तीन बड़े नेताओं ने दिया पार्टी से इस्तीफा, बताई वजह

दरअसल दो दिन पहले ही रालोद प्रमुख जयंत चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए  कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह समेत तीन नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी।

गौरतलब है कि पिछले दिनों बीजेपी ने यूपी निकाय चुनावों में बागी हुए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को फिर से पार्टी में लाने की कोशिश शुरू की है। करीब 5000 ऐसे पार्टी नेताओं को चिन्हित किया गया है जो निकाय चुनाव में बागी हो गए थे और उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल होने के दावों को सिरे से खारिज कर जयंत चौधरी ने कहा, विपक्षी दलों की बैठक में खुद लूंगा भाग