सैलरी की मांग को लेकर डायल 112 की महिला कर्मियों ने किया प्रदर्शन

डायल 112 महिला कर्मी
प्रदर्शनकारी महिला कर्मियों को समझाते अफसर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश पुलिस की हेल्‍पलाइन डायल 112 की सैकड़ों महिला संविदा कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर सोमवार को धरना दिया। सैलरी समेत अन्‍य मांगों को लेकर संविदा कर्मियों के प्रदर्शन करने की बात पता चलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया। एडीजी 112 भी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहीं महिला कर्मचारियों को समझाने का काफी प्रयास किया। हालांकि समझाने के बाद भी प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहें और रात तक प्रदर्शन जारी था। संविदाकर्मियों का कहना था कि जबतक मांगे पूरी नहीं होती प्रदर्शन जारी रहेगा।

दरअसल शहीद पथ स्थित डायल 112 के बाहर महिला कर्मचारियों ने आज दोपहर हंगामा किया। कर्मचारी वेतन बढ़ाने और ऑफर लेटर की मांग कर रही थीं। महिला कर्मचारियों का आरोप था कि चार साल में एक बार भी उनकी सैलरी नहीं बढ़ाई गई। उन्होंने मांग रखी है कि दीपावली त्योहार से पहले उनकी सैलरी बढ़ाई जाये। महिला कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते डायल 112 का कार्य भी काफी प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ें- महंगाई व सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP की महिला विंग ने किया प्रदर्शन

महिला कर्मचारियों ने बताया कि हम सभी रोजाना नौ घंटे काम करते हैं, लेकिन सैलरी के नाम पर महज 12 हजार रूपये मिलते हैं। चार साल से सैलरी नहीं बढ़ी है, जबकि 75 जिलों से आने वाली लोगों की कॉल को सुनते हैं। उसके बाद पुलिस की मदद मुहैया कराते है। कई बार सैलरी बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा काम तो यहां कर रहे है, लेकिन ऑफर लैटर तक नहीं मिला है। ऐसे में सभी की मांग है कि त्योहार से पहले हमारी सैलरी बढ़ाकर 18 हजार किया जाये। साथ ही ऑफर लेटर भी दिया जाये।

यह भी पढ़ें- अब 69 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने किया सीएम आवास का घेराव, हिरासत में ले पुलिस ने भेजा ईको गार्डन