मैनपुरी सड़क हादसे के घायलों का हाल जाननें अस्पाताल पहुंचे अखिलेश, कहा एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार के नियमों का नहीं हो रहा पालन

मैनपुरी
घायलों का हाल जानते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। रविवार को मैनपुरी के पास आगरा-लखनऊ एक्‍सप्रेस वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है और 34 लोग गंभीर रूप से घायल है। सभी घायलों को सैफई के पीजीआइ अस्पताल भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को सैफई मेडिकल कॉलेज घायलों का हाल जानने पहुंचे हैं।

अस्‍पताल पहुंचे पूर्व मुख्‍यमंत्री ने हादसे में घायल हुए यात्रियों से घटना की जानकारी ली। साथ ही मौके पर जमा घायलों के परिजनों को उन्होंने बेहतर उपचार दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अखिलेश ने सैफई मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों से उपचार की जानकारी हासिल कर सभी मरीजों को बेहतर उपचार दिए जाने का निवेदन भी किया।

यह भी पढ़ें- यमुना एक्‍सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बस, आठ की मौत, 30 घायल

अखिलेश यादव ने इस हादसे में घायल हुए विदेशी यात्री और उनकी पत्‍नी के वार्ड में जाकर भी उनसे मिले और उन्हें हरसंभव उपचार और मदद का भरोसा दिलाया। बता दें कि सड़क हादसे में बस सवार 32 वर्षीय जोसे मिगिएल तथा उनकी 28 वर्षीय पत्‍नी मार्गरिटा निवासी (एसपनोला न्यू मैक्सिको यूनाइटेड स्टेट्स) भी घायल हो गए हैं। ये दोनों दंपति भारत भ्रमण पर आए हैं और दिल्ली से बनारस दर्शन के लिए जा रहे थे।

वहीं घायलों का हाल जानने केे बाद अखिलेश ने मीडिया से कहा कि एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। समाजवादी सरकार ने हाईवे पुलिसिंग की व्यवस्था की थी, जो भाजपा सरकार की उपेक्षा की शिकार हो गई। अस्पतालों को भी बर्बाद कर दिया गया है।

संबंधित खबर- दर्दनाक: लखनऊ-आगरा एक्‍सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई टूरिस्‍ट बस, सात की मौत, 34 घायल

यहां बताते चलें कि रविवार सुबह एक प्राइवेट बस दिल्ली से वाराणसी जा रही थी। इस दौरान मैनपुरी के करहल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 87 के पास उसकी टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक से हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बस का सामने के हिस्से के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं, पुलिस ने क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला। दुर्घटना में मारे गए यात्रियों की पहचान हो गई है, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- एक्‍सप्रेस-वे पर फिर हुआ हादसा, अखिलेश ने काफिला रुकवाकर की घायलों की सहायता, आवारा पशुओं को हटाने की मांग भी उठायी