कांग्रेस के मैराथन में ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ नारे के साथ अब लखनऊ में दौड़ी हजारों बेटियां

लड़की हूं लड़ सकती हूं

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। अगले साल यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों को देखते हुए कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा दिया। झांसी के बाद इसी नारे के साथ मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम के पास से आयोजित कांग्रेस की मैराथन में लड़कियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कोहरे और ठड़ के बीच स्टेडिम लड़कियों से भरा हुआ दिखाई दिया। मैराथन में इसमें पहले स्थान पर पूजा पटेल, दूसरे पर निशा यादव और तीसरे स्थान पर डिंपल रहीं। तीनों को पुरस्कार में स्कूटी दी गई।

इस दौरान मैराथन की झण्डी मिलते ही लड़कियां लक्ष्य की तरफ दौड़ पड़ी। मैराथन इकाना स्टेडियम के गेट नंबर तीन से सवेरे सवा नौ बजे शुरू हुई, जो यह एचसीएल चौराहा होते हुए स्टेडियम के गेट नंबर तीन पर करीब दस बजे खत्म हुई। पांच किलोमीटर की दौड़ को पारदर्शी बनाने व सुचारू रूप से संचालित व सम्पन्न कराने के लिए ड्रोन कैमरों से नजर रखी गई।

कार्यक्रम में अवरोध उत्पन्न करने की भरपूर कोशिश की

वहीं आज कांग्रेस प्रवक्ता उमा शंकर पांडेय ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ मैराथन को धारा 144 और कोविड का हवाला देकर निरस्त करने का प्रयास किया गया था। यह बेटियों के विरूद्ध योगी सरकार का कुचक्र था। 1090 चौराहे पर कार्यक्रम की निरस्तीकरण के बाद इकाना स्टेडियम में भी कार्यक्रम में अवरोध उत्पन्न करने की भरपूर कोशिश की गयी। स्टेडियम के अन्दर कार्यक्रम करने की इजाजत नहीं दी गयी। स्टेडियम के बाहर कार्यक्रम करने को विवश किया गया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजन के अनुरूप बड़ा मंच बनाने की मनाही की गयी, जबकि इसी स्टेडियम में 25 दिसम्बर को योगी सरकार ने टैबलेट बांटने के नाम पर जमावड़ा किया था। यह योगी सरकार का दोहरा मापदंड दर्शाता है। सरकार के कुचक्रों के बावजूद बेटियों की ऐतिहासिक जुटान ने योगी सरकार को भरपूर जवाब देते हुए बौना साबित कर दिया है।

मैराथन से प्रियंका गांधी लड़कियों के लड़ने के जज्बे को सामने लाने का कर रहीं प्रयास

प्रवक्ता ने कहा कि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लड़कियों के लड़ने के जज्बे को मैराथन के माध्यम से सामने लाने का प्रयास कर रहीं हैं। उनके इस प्रयास और नारे के साथ प्रदेश की बेटियों का भरोसा लगातार दिख रहा है। चुनावी साल में बौखलाई हुई योगी सरकार इस कार्यक्रम को रोकने की भरपूर कोशिश कर रही है। तमाम अडचन डाल कर बेटियों को दौड़ने से रोकना चाह रही है। मैराथन को बदनाम करने का प्रयास भी कर रही है। लड़कियों ने योगी सरकार की इस नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी के लड़की हूं लड़ सकतीं हूं नारे के साथ झांसी की सड़कों पर एक साथ दौड़ी दस हजार लड़कियां

साथ ही उमा शंकर पाण्डेय ने बताया आज कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने झंडा दिखाकर मैराथन का आरम्भ किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर एवं तौकीर आलम ने बेटियों का उत्साहवर्धन किया।

यह भी पढ़ें- लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे के साथ UP की सियासत में प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस देगी 40 प्रतिशत टिकट