NEET का पेपर कैंसिल कराने व शिक्षा मंत्री के इस्‍तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस

कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेतागण व कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नीट परीक्षा में धांधली के विरोध व पेपर कैंसिल कराने व शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से विधानसभा घेराव के लिए निकले, हालांकि थोड़ा ही आगे चलने पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने सभी को रोक लिया।

जिसके बाद कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। इस बीच अजय राय समेत पार्टी नेता बैरिकेडिंग लांघकर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने बलपूर्वक रोका और यहां भी काफी धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने जबरदस्ती प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डेन भेजा। इस दौरान कार्यकर्ता नीट परीक्षा रद्द करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर नारेबाजी करते रहे।

अजय राय ने आरोप लगाया कि परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी हुई और अनुचित साधनों का प्रयोग किया गया। भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात व हरियाणा में नीट परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले कई आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिससे पूरी परीक्षा ही आशंका से घिर गई है। भाजपा शासित राज्यों में युवओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। आये दिन पर्चा लीक होने की घटनाएं हो रही हैं।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का आरोप, NEET में योजनाबद्ध हुआ संगठित भ्रष्टाचार, पेपर लीक का एपिसेंटर BJP शासित राज्य

उधर नीट परीक्षा में धांधली का आरोप लगा कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एबीवीपी कार्यकर्ता ने जिलाधिकारी के कार्यालय के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।

प्रदर्शन में नवनिर्वाचित सांसद राकेश राठौर, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, मुईद अहमद, पूर्व विधायक इन्दल रावत, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, संगठन महासचिव अनिल यादव, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक, प्रियंका गुप्ता, प्रदीप सिंह, सचिन रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, शमीम खान, अमरनाथ अग्रवाल, ओंकारनाथ सिंह, बृजेश सिंह, प्रमोद सिंह, महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी,  अनामिका यादव, सिद्धीश्री, जिलाध्यक्ष आरती बाजपेई व उत्कर्ष अवस्थी समेत अन्‍य मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- नीट रिजल्ट को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन, स्टूडेंट्स ने की फिर से परीक्षा कराने की मांग