नाराज विधायक चिराग पटेल ने विधानसभा से दिया इस्तीफा

विधायक चिराग पटेल

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले गुजरात कांग्रेस को आज झटका लगा है। पार्टी के विधायक चिराग पटेल ने नेतृत्व के कामकाज की शैली से निराशा जताते हुए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी की प्रदेश इकाई में गुटबाजी का आरोप लगाया है। पटेल ने कहा कि पार्टी को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सीधे दिल्ली से ऐसे चलाया जा रहा है जैसे कि वे एयर कंडीशंड बंगलों में बैठकर कोई रियासत चला रहे हैं।

साथ ही चिराग पटेल ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस में कई अन्य विधायक भी नाखुश हैं। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय से जारी किए गए एक बयान में बताया गया है कि आणंद जिले में खंभात विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पहली बार के विधायक चिराग पटेल ने आज सुबह गांधीनगर में विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा सौंपा।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले RLD को झटका, तीन बड़े नेताओं ने दिया पार्टी से इस्तीफा, बताई वजह

शंकर चौधरी ने बाद में मीडिया को बताया कि उन्होंने पटेल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या कम होकर अब 16 रह गयी है। चिराग पटेल ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में खंभात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक महेश रावल को करीब 37 सौ मतों के अंतर से हराया था। इसके बावजूद भाजपा ने 156 सीटें जीतने के साथ राज्य में सत्ता बरकरार रखी थी।

वहीं चिराग पटेल ने इस्तीफा देने के बाद आशंका जताई है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं होता है तो पार्टी के कुछ और विधायक भी इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से विचार-विमर्श करने के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया है। मेरी तरह कई विधायक नाखुश हैं, क्योंकि उन्हें पार्टी में घुटन महसूस होती है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा सांसदों ने दिया इस्तीफा