देश की गोपनीय सूचनाओं को पाकिस्तान में लीक कर रहा वायुसेना का जवान देवेंद्र गिरफ्तार

1090
फाइल फोटाे।

आरयू वेब टीम। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एयरफोर्स जवान देवेंद्र सिंह को देश की गोपनीय सूचनाओं को लीक करने के मामले में गिरफ्तार किया है। कहा जा रहा है कि देवेंद्र सिंह को ऑनलाइन सेक्स के जरिए फंसाया गया। हालांकि सूचनाओं को देने के बदले देवेंद्र की पत्नी के अकाउंट में पैसे भी ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आयी है। मामले में एक महिला के भी संलिप्त होने की बात सामने आ रही है। ये महिला एयरफोर्स जवान से गुप्त रूप से सूचनाएं लेती थी। पुलिस फिलहाल महिला को तलाश रही है।

एयरफोर्स के जवान पर आरोप है कि वह देश से जुड़ी संवेदनशील सूचनाओं को पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में लीक कर रहा था। जासूसी नेटवर्क के तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जुड़े पाए गए हैं। क्राइम ब्रांच के सूत्रों का कहना है कि मामले में एक महिला देवेंद्र से मिलने वाली सूचनाओं को गुप्त रूप से पाकिस्तानी एजेंसी आइएसआइ तक पहुंचा रही थी।

पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां देवेंद्र से लंबी पूछताछ कर रही हैं, जिसके बाद ही महिला तक पहुंचा जा सकता है। फिलहाल महिला के भारत में ही होने की जानकारी मिली है। आरोपित को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को आईबी से देवेंद्र के जासूसी में लिप्त होने के इनपुट मिले थे, जिसके बाद शुरूआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- शर्मनाक: हनी ट्रैप में फंसा वायुसेना का ग्रुप कैप्‍टन ISI को दे रहा था खुफिया जानकारी, गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि देवेंद्र महिला से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए संपर्क में आया था, जिसके बाद महिला ने उसे हनिट्रैप में फंसा उससे संवेदनशील जानकारियों को लेना शुरू कर दिया। जांच में पाया गया कि सूचनाओं को देने के बदले देवेंद्र की पत्नी के अकाउंट में पैसे भी ट्रांसफर किए जा रहे थे। उसकी पत्नी के अकाउंट में मोटी रकम का ट्रांस्जेक्शन हुआ है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- ATS के हत्‍थे चढ़ा ISI एजेंट रमेश, डॉलर के बदले पाक को देता था खुफिया जानकारी