आरयू वेब टीम। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा व नीतीश सरकार पर भड़के हैं। राहुल गांधी ने पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले का जिक्र किया और पप्पू यादव की गिरफ्तारी को कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि, ‘पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है।’ पीडित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-एनडीए मॉडल सामने आ गया। केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो। इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके।
साथ ही कहा, ‘सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। यह एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। ये बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है।’
प्रियंका गांधी ने की फोन पर बात
वहीं प्रियंका गांधी ने सांसद पप्पू यादव से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने पप्पू यादव को अच्छे वकील की मदद लेने की सलाह दी। साथ ही प्रियंका गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा, पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। एफआइआर दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?
यह भी पढ़ें- गर्ल्स हॉस्टल का दौरा कर बोले सांसद पप्पू यादव, NEET की छात्रा ने आत्महत्या नहीं की, हुई है हत्या
वायनाड सांसद ने ये भी कहा, ‘हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपितों के साथ खड़ी हो जाती हैं। इस केस में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव जी की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है। भाजपा और उनके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है- वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं।’
गिरफ्तारी के बाद एडमिट हुए पप्पू यादव
बता दें कि सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार को देर रात गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें आइजीआईएमएस ले जाया गया। जीआइएमएस में बेड नहीं होने की वजह से पप्पू यादव को पीएमसीएच में एडमिट किया गया।




















