केरल चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, पीसी चाको ने पार्टी से दिया इस्तीफा

कांग्रेस को झटका
पीसी चाको। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। नेताओं के कांग्रेस छोड़ने का सिलसिला कम नहीं हो रहा। वरिष्ठ पार्टी नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रह चुके पीसी चाको ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीसी चाको केरल में पार्टी की गुटबाजी की वजह से नाराज चल रहे थे और उसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ी है।

केरल में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है, ऐसे में चुनावों के बीच पार्टी से पीसी चाको की विदाई कांग्रेस के लिए भारी पड़ सकती है। पीसी चाको ने बताया कि उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी को भेज दिया है, उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से बात करने के बाद ही उन्होंने त्यागपत्र दिया है।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश उपचुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, विधायक राहुल सिंह ने छोड़ी पार्टी, भाजपा में हुए शामिल

पीसी चाको ने बताया कि कांग्रेस में अब आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वे किसी और पार्टी में शामिल नहीं होंगे। चाको ने पिछले साल कांग्रेस पार्टी के दिल्ली प्रभारी के पद से भी त्यागपत्र दे दिया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अबतक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल पायी थी और वोट प्रतिशत और भी घट गया था।

पीसी चाको से जब हार के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने बताया था कि 2013 में जब शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री हुआ करती थीं तभी से दिल्ली में कांग्रेस का ग्राफ गिरना शुरू हो गया था। माना जा रहा है कि केरल विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी के अंदर पीसी चाको से ज्यादा राय नहीं ली गई है और वे इस वजह से नाराज चल रहे थे और यही वजह है कि उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दिया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का हमला, महिलाओं के साथ रेप व हत्‍या रोकने में योगी सरकार पूरी तरह फेल, मुख्‍यमंत्री बनें पर्यटक