PM मोदी के ‘रेवड़ी कल्‍चर’ वाले बयान पर वरुण गांधी का सवाल, भ्रष्ट धनपशुओं का दस लाख करोड़ का लोन माफ, सरकारी खजाने पर पहला हक किसका?

रेवड़ी कल्‍चर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर अपनी सरकार को निशाने पर लेते हुए तंज कसा है। भाजपा सांसद ने देश को हजारों करोड़ों का चूना लगाने वाले भ्रष्टाचारियों व पीएम मोदी द्वारा विपक्ष को मुफ्त की रेवड़ी वाले तंज पर हमला किया है। वरुण गांधी ने कहा कि ‘जो सदन गरीब को पांच किलो राशन दिए जाने पर ‘धन्यवाद’ की आकांक्षा रखता है, जबकि सदन बताता है कि पांच वर्षों में भ्रष्ट धनपशुओं का दस लाख करोड़ तक का लोन माफ हुआ है।

यह भी पढ़ें- बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर बोले PM मोदी, रेवड़ी कल्चर देश के विकास के लिए घातक, इसे राजनीति से है हटाना

भाजपा सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि जो सदन गरीब को पांच किलो राशन दिए जाने पर ‘धन्यवाद’ की आकांक्षा रखता है। वही सदन बताता है कि पांच वर्षों में भ्रष्ट धनपशुओं का दस लाख करोड़ तक का लोन माफ हुआ है। ‘मुफ्त की रेवड़ी’ लेने वालों में मेहुल चोकसी और ऋषि अग्रवाल का नाम शीर्ष पर है। सरकारी खजाने पर आखिर पहला हक किसका है?

यह भी पढ़ें- गुजरात में भी केजरीवाल ने किया फ्री बिजली का वादा, फ्री रेवड़ी को बताया भगवान का प्रसाद

वहीं भाजपा नेता ने संसद में सरकार की ओर से शीर्ष दस भगोड़े कारोबारियों की सूची को टि्वटर पर साझा करते हुए यह सवाल किया। वरुण गांधी संसद में एक चर्चा के दौरान भाजपा के एक अन्य सांसद की उस टिप्पणी का परोक्ष रूप से जिक्र कर रहे थे, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोविड -19 के दौरान 80 करोड़ गरीब लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध करा रहे हैं।

बता दें कि प्रधानमंत्री ने हाल में चुनावी लाभ के लिए कुछ राजनीतिक दलों द्वारा मुफ्त की सेवाएं मुहैया कराने की पेशकश के लिए उनकी आलोचना कर एक नयी बहस को जन्म दे दिया है। मोदी ने कहा था कि यह देश के विकास के लिए बेहद नुकसानदेह है।

यह भी पढ़ें- मुफ्तखोरी खत्‍म करने वाले सुशील मोदी के प्रस्‍ताव पर वरुण गांधी ने कहा, जनता पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांके, सांसदों से हो शुरूआत