राहुल का दावा, राफेल डील के बदले मिला PM मोदी को फ्रांस में सम्मान, चुप्पी पर उठाए सवाल

राहुल गांधी

आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरे और मणिपुर हिंसा पर यूरोपीय यूनियन की संसद में हुई चर्चा को लेकर हमला बोला है। राहुल ने दावा किया कि राफेल डील के बदले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के नेशनल डे पर मुख्य अतिथि बनाए जाने का सम्मान दिया गया है। साथ ही मणिपुर हिंसा पर पीएम की चुप्पी पर भी सवाल उठाया है।

शनिवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, मणिपुर जल गया। यूरोपीय यूनियन की संसद में भारत के आंतरिक मुद्दे पर चर्चा हो गई, लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं। इस बीच राफेल ने उन्हें बैस्टिल डे का टिकट दिला दिया।

दरअसल शनिवार को ही भारत सरकार ने भारतीय नौसेना के लिए फ्रांस से 26 नेवल राफेल फाइटर जेट खरीदने के फैसले की जानकारी दी है। इसके तहत भारतीय नेवी को फ्रांस की दसॉ एविएशन से 26 नए एडवांस राफेल फाइटर जेट हासिल होंगे, जो खास तौर पर नेवी की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन होंगे। भारत में इन लड़ाकू विमानों के सफल ट्रायल के बाद सरकार ने इन विमानों की खरीद पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार ने दी फ्रांस से 26 राफेल व तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बियां खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी

बता दें पिछले कई महीनों से मणिपुर में हो रही हिंसा को लेकर यूरोपीय संसद (ईयू) में मोदी सरकार की आलोचना हो रही है। यूरोपीय संघ की संसद ने मणिपुर में हाल में हुई हिंसा को लेकर भारत में मानवाधिकारों की स्थिति पर बृहस्पतिवार को एक प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति असहिष्णुता के चलते मणिपुर के हालात पैदा हुए।

जिसको भारत ने खारिज कर दिया। इस मामले पर भारत ने कड़ी आपत्ति भी जताई है। भारत के आंतरिक मामलों में किसी भी अन्य देश का हस्तक्षेप हम नहीं स्वीकार करेंगे। भारत पहले भी ऐसे मामलों पर अपना सख्त रुख अपना चुका है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में रोका गया राहुल गांधी का काफिला तो कांग्रेस बोली ये दुर्भाग्यपूर्ण, नरेंद्र मोदी ने चुप्‍पी तोड़ने की नहीं उठाई जहमत