भंवरी कांड के मुख्य आरोपित व पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का निधन

पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा
पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा।(फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। राजस्थान के पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता महिपाल मदेरणा का रविवार को निधन हो गया। कांग्रेस नेता का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव चाडी, जोधपुर में किया जाएगा। नर्स भंवरीदेवी अपहरण व हत्या मामले में मदेरणा हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे उनका कैंसर का इलाज चल रहा था।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं ने मदेरणा के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, “पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे महिपाल मदेरणा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

यह भी पढ़ें- प्रसिद्ध नारीवादी लेखक व सामाजिक कार्यकर्ता कमला भसीन का निधन, कैंसर से थीं पीड़ित

दरअसल सितंबर 2011 में भंवरी देवी कांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उस वक्त महिपाल मदेरणा अशोक गहलोत सरकार में जल संसाधन मंत्री थे। बाद में भंवरी देवी के साथ उनकी सीडी सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। इस केस के बाद से ही मदेरणा लगातार जेल में थे।

महिपाल के राजनीतिक करियर की बात करें तो राजस्थान के दिग्गज नेता परसराम मदेरणा के बेटे थे। जोधपुर में उनकी राजनीतिक पकड़ खासी मजबूत रही है। उनकी फैमिली में उनकी पत्नी लीला मदेरणा और दो बेटियां हैं। मदेरणा की पत्नी फिलहाल जोधपुर की जिला प्रमुख हैं। वहीं उनकी एक बेटी दिव्या ओसियां से विधायक है। महिपाल मदेरणा खुद 19 साल तक जोधपुर के जिला प्रमुख रहे। वह दो बार ओसियां से विधायक चुने गए।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर