AAP ने शुरू की UP विधानसभा चुनाव की तैयारी, अन्‍ना हजारे के साथ आंदोलन करने वाले सभाजीत सिंह को केजरीवाल ने सौंपी सबसे बड़े प्रदेश की कमान

सभाजीत सिंह
प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सभाजीत सिंह को बधाई देते सीएम अरविंद केजरीवाल।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। साल 2022 में होने वाले उत्‍तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मजबूती से पैर जमाने के लिए आम आदमी पार्टी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को सूबे की राजधानी लखनऊ के पड़ोसी जिले अयोध्‍या के निवासी व अन्‍ना हजारे के साथ आंदोलन करने वाले सभाजीत सिंह को आप के संस्‍थापक अरविंद केजरीवाल ने उत्‍तर प्रदेश का पहला अध्‍यक्ष घोषित कर दिया है।

इस बात की जानकारी देते हुए यूपी आप के मुख्‍य प्रवक्‍ता वैभव माहेश्‍वरी ने बताया कि आज दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह व यूपी के जिला अध्यक्षों व प्रमुख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अयोध्या निवासी व संगठन में विभिन्न पदों पर रहे सभाजीत सिंह को आप का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। साथ ही इलाहाबाद के निवासी दिनेश सिंह पटेल को भी अहम जिम्‍मेदारी देते हुए आप यूपी का सचिव बनाया गया है।

सभाजीत पहले भी संभाल चुकें हैं कई महत्‍वपूर्ण पद

प्रदेश प्रवक्‍ता ने बताया कि सभाजीत सिंह अन्ना आंदोलन से जुड़े रहे है साथ ही आम आदमी पार्टी के गठन के बाद फैजाबाद के जिला अध्यक्ष, अवध प्रांत की कार्यकारिणी के सदस्य, प्रदेश प्रवक्‍ता व स्टेट मीडिया कोऑर्डिनेटर जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआइ कार्यकर्ता के रूप में यूपी में व्याप्त भ्रष्टाचार के कई मामलों को भी उजागर किया है।

साकेत महाविद्यालय से शुरु की राजनीत

अयोध्या स्थित साकेत महाविद्यालय से छात्र राजनीति की शुरुआत करने वाले सभाजीत सिंह यूपी के पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर चुने गए हैं। शिक्षा के बाजारीकरण के खिलाफ लंबे समय तक आंदोलन चलाकर शिक्षा के अधिकार कानून के तहत गरीब बच्चों के दाखिले को लेकर छेड़े गए आंदोलन को लेकर कई सामाजिक संगठन ने उन्हें सम्मानित भी किया है।

केजरीवाल और संजय सिंह ने दी बधाई

वहीं आज दिल्‍ली सीएम आवास पर अरविंद केजरीवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सभाजीत सिंह और सचिव दिनेश पटेल को पुष्प गुच्छ देकर यूपी में आप के विस्तार के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही इस मौके पर उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी चयनित दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी।

यह भी पढ़ें- UP में फिर दिखा गुंडाराज, घर में दिनदहाड़े घुसकर पत्रकार व सगे भाई की गोली मारकर हत्‍या, इलाके में रोष के साथ दहशत

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगा आज का फैसला 

इस दौरान आयोजित एक बैठक की अगुवाई करते हुए संजय सिंह ने आप के उत्‍तर प्रदेश के पदाधिकारियों से संगठन विस्तार संबंधित उनकी राय ली। उन्‍होंने कहा कि आज का फैसला उत्तर प्रदेश की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगा, प्रदेश के अंदर आम आदमी पार्टी एक नए संरचना दोगुने जोश के साथ काम करते हुए आने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश से मुलाकात कर बोले AAP नेता संजय सिंह, BJP, मोदी-शाह और सांप्रदायिक ताकतों को रोकना है प्राथमिकता