कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्‍न मिलना सामाजिक न्याय आंदोलन की जीत: अखिलेश

कर्पूरी ठाकुर को भारतरत्‍न
कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण करते अखिलेश यादव साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत सरकार ने भारत रत्‍न देने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरान्त घोषित ‘भारत रत्‍न‘ सामाजिक न्याय के आंदोलन की जीत है। साथ ही अखिलेश ने बीजेपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह इस बात को भी दर्शाती है कि सामाजिक न्याय व आरक्षण के परंपरागत विरोधियों को भी मन मारकर अब पीडीए के 90 प्रतिशत लोगों की एकजुटता के आगे झुकना पड़ रहा है।

कार्पूरी ठाकुर के जयंती के मौके पर आज सपा मुख्‍यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें अखिलेश यादव ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्‍हें नमन किया।

लोहिया, मण्डल, चरण सिंह व नेताजी को भी मिले भारत रत्‍न

इस दौरान अखिलेश ने मांग करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के पुरोधा राम मनोहर लोहिया, बी.पी. मण्डल, चौधरी चरण सिंह, नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी भारत रत्‍न दिया जाए। सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाले इन महापुरूषों ने समाज की विषमता को खत्म करने, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के उत्थान के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

यह भी पढ़ें- राष्‍ट्रपति को पत्र लिख उठी मुलायम सिंह यादव को भारत रत्‍न देने की मांग

साथ ही अखिलेश ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया व लोकनायक जयप्रकाश नारायण के अनुयायी व सामाजिक न्याय के पुरोधा और लोकतंत्र सेनानी थे। वे सामाजिक सद्भाव के प्रतीक रहे और आज समाजवादी पार्टी  कर्पूरी ठाकुर के विचारों से अनुप्राणित है।

भाजपा सिर्फ चुनाव और सत्‍ता के लिए सोचती

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भारत रत्‍न देने के बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनकल्याण की नहीं, सिर्फ चुनाव और सत्‍ता के लिए सोचती है। समाजवादियों को भाजपा की चालाकी से बचना है। जनता की आशा-आकांक्षाओं की पूर्ति पीडीए से ही संभव है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी सरकार पर निशाना, आंकड़ें बताते हैं उत्‍तर प्रदेश में सबसे ज्‍यादा असुरक्षित महिलाएं

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्‍यख नरेश उत्तम पटेल, अरविन्द कुमार सिंह, मनोज पाण्डेय, राकेश वर्मा, पवन पाण्डेय, गौरव रावत, उदयवीर सिंह, राकेश गुड्डू, संजय सविता विद्यार्थी, राम औतार सैनी व धीरेन्द्र सिंह सोलंकी समेत सपा के अन्‍य नेता मौजूद रहें।