SIR ड्यूटी में लगे एक और BLO ने खाया जहर, KGMU में मौत, SDM-BDO पर लगाया गंभीर आरोप

बीएलओ
बीएलओ विपिन यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में बीएलओ की जान जाने व आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी क्रम में मंगलवार को बीएलओ के रूप में तैनात जैतपुर माझा प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक विपिन यादव (35) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बीएलओ की मौत हो गई। जिसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। दूसरी ओर युवा शिक्षक की एकाएक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक विपिन यादव मूल रूप से जौनपुर जिले के सरायख्वाजा, ग्राम मल्हनी के निवासी थे। विपिन ने एक जुलाई 2024 को नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक नियुक्त किया गया था। वह अपनी पत्नी सीमा यादव और चार वर्षीय बेटे के साथ नवाबगंज में किराये के कमरे में रह रहे थे। विशेष अभियान के दौरान उन्हें बूथ संख्या 326, प्राथमिक पाठशाला खेमपुर में बीएलओ के तौर पर तैनात किया गया था।

मंगलवार सुबह नाश्ता करने के बाद उन्होंने अपने साथी शिक्षक को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। साथी शिक्षक उन्हें तत्काल नवाबगंज के निजी अस्पताल लेकर गए। वहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, और हालत न सुधरने पर लखनऊ के केजीएमयू भेजा गया, जहां इलाज के दौरान बीएलओ की जान चली गई।

यह भी पढ़ें- BLO को पत्र लिख अखिलेश ने कहा, SIR का इम्प्रैक्टिकल टारगेट दे किया जा रहा अमानवीय व्यवहार

शिक्षक के 22 सेकंड के वायरल वीडियो में बीएलओ विपिन यादव अधिकारियों पर दबाव डालने का आरोप लगाते नजर आए। वीडियो में एक महिला ने उनसे सवाल किया: “क्या खाया?” शिक्षक ने जवाब दिया: “सल्फास” “क्यों खाया पूछे जाने पर शिक्षक ने कहा: “दबाव के कारण”, और एसडीएम, बीडीओ व लेखपाल पर दबाव डालने का आरोप लगाया।

वहीं जिला मजिस्ट्रेट प्रियंका निरंजन ने मौत को गले लगा देने वाले शिक्षक के आरोपों को ही खारिज कर दिया है। प्रियंका की माने तो प्रारंभिक जांच में यह मामला उन्‍हें पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच सीआरओ को सौंपी गई है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- SIR का जल्दबाजी में अमल, नोटबंदी-कोविड लॉकडाउन की दिलाता है याद: कांग्रेस