स्ट्रॉबेरी महोत्सव का उद्घाटन कर बोले CM योगी, बुंदेलखंड के किसानों के लिए बनेगा नई प्रेरणा का केंद्र बिंदु

स्ट्रॉबेरी महोत्सव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से स्ट्रॉबेरी महोत्सव का उद्घाटन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि, बुंदेलखंड में स्ट्रॉबेरी का उत्पादन कार्य घर की छत से शुरू होकर खेतों तक पहुंचा है। यह दृढ़ इच्छाशक्ति से ही संभव है। झांसी में अगले एक महीने तक चलने वाला स्ट्रॉबेरी महोत्सव चमत्कार से कम नहीं है। यह तो हमारे बुंदेलखंड के किसानों के परिश्रम का परिणाम है कि बुंदेलखंड की धरती पर स्ट्रॉबेरी महोत्सव का आयोजन हो रहा है। जो किसानों के लिए नई प्रेरणा का केंद्र बिंदु बनेगा। यहां बताते चलें कि स्ट्रॉबेरी महोत्सव 16 फरवरी तक नटराज सरोवर में आयोजित होगा।

योगी ने आगे कहा कि बुंदेलखंड के बारे में प्रदेश और देश की जो धारणा थी उसे इस महोत्सव के माध्यम से एक नया संदेश दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में आज पहली बार स्ट्रॉबेरी महोत्सव का आयोजन हो रहा है। उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर स्ट्रॉबेरी की खेती हो रही। स्ट्राबेरी की खेती और मार्केटिंग पर लखनऊ में केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (सीआईएसएच) भी बेहतरीन काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें- साक्षी महाराज का दावा, ओवैसी ने बिहार चुनाव में की थी भाजपा की मद्द, अब यूपी व पश्चिम बंगाल में भी करेंगे

साथ ही मुख्‍यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के नागरिकों में कार्य करने की दृढ़ इच्छाशक्ति है। यहां की उर्वरा भूमि में सोना उगलने की क्षमता है, लेकिन इस प्रतिभा को उचित मंच नहीं मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्ट्रॉबेरी महोत्सव पूरे बुंदेलखंड के किसानों के लिए नई प्रेरणा का केंद्र बिंदु बनेगा। यह किसानों की आमदनी को कई गुना बढ़ाने के साथ ही मार्केट की मांग के अनुरूप आपूर्ति करने में सहायक साबित होगा।

अपने संबोधन में सीएम योगी ने यह भी कहा कि बुंदेलखंड व उत्तर प्रदेश में काफी उर्वरा भूमि है। हमारे पास सरफेस वॉटर पर्याप्त मात्रा में है। हम खेती को ड्रिप इरिगेशन प्रणाली से जोड़कर आज की क्षमता से तीन गुना अधिक सिंचाई क्षमता विकसित कर सकते हैं। उन्होंने इसके लिए किसानों को बधाई दी।

यह भी पढ़ें- मकर संक्रांति पर CM योगी ने किया सूचना विभाग की डिजिटल डायरी APP का लोकार्पण, कही ये बातें

वहीं स्ट्रॉबेरी खेती के जानकार गौरव गर्ग ने बताया कि 80 रुपए में मिलने वाले स्ट्रॉबेरी के एक पौधे से करीब एक किलो स्ट्रॉबेरी मिलती है। झांसी और बुंदेलखंड में अगर स्ट्रॉबेरी की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा तो यह झांसी और बुंदेलखंड के किसानों की बदहाली दूर कर देगा।