यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह भी हुए कोरोना संक्रमित, PGI में भर्ती

कल्‍याण सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री कल्‍याण सिंह, (फाइल फोटो।)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रदेश में बढ़ता कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इसकी चपेट में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह भी आ गए हैं। उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्‍हें सोमवार को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। साथ ही शामली से भाजपा के विधायक तेजेंद्र निर्वाल भी कोरोना वायरस की चपेट में आएं हैं।

मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के माल एवेन्यू में रहे कल्याण सिंह को दो दिन से बुखार आ रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका नमूना लिया था। जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आज उन्‍हें डॉक्‍टरों की सलाह पर संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। जहां वो चिकित्सकों की देखरेख में अपना इलाज करा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- स्वामी रामभद्राचार्य ने जीती कोरोना की जंग, PGI से मिली छुट्टी

दूसरी ओर शामली सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक तेजेंद्र निर्वाल भी कोरोना संक्रमित पाए गएं हैं। सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे विधायक की एंटिजन जांच हुई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। विधायक निर्वाल को हल्की खांसी और गले में खराश की समस्या है। अभी तो वह होम आइसोलेट हो गए हैं। इसके साथ ही आरटी-पीसीआर जांच के लिए भी सैंपल मेरठ भेजा गया है।

इसके अलावा भाजपा के दो सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। नई दिल्ली में मानसून सत्र के पहले दिन जांच में उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के दो सांसद की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें बागपत से सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह तथा इटावा से सांसद राम शंकर कठेरिया कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

यह भी पढ़ें- सपा MLC राजपाल कश्यप पाए गए कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया होम आइसोलेट