रामलला प्राण-प्रतिष्ठा पर यूपी में बंद रहेंगे स्‍कूल-कॉलेज, सीएम योगी ने लिया फैसला

बंद रहेंगे स्‍कूल
कुछ इस अंदाज में आज अयोध्‍या में नजर आएं सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्याधाम में बहुप्रतीक्षित रामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को देखते हुए 22 जनवरी को उत्‍तर प्रदेश में सभी स्‍कूलों-कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया है। आज इस बात की घोषणा करते हुए योगी ने प्राण प्रतिष्‍ठा को राष्‍ट्रीय उत्‍सव बताया है। सीएम ने कहा कि इस मौके पर उत्‍तर प्रदेश के सभी शिक्षण संस्‍थाओं में अवकाश रहेगा। साथ ही शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी।

मंगलवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे योगी आदित्‍यनाथ ने रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन-पूजन के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

मकर संक्रांति के बाद शुरू हो रहे प्राण प्रतिष्ठा के वैदिक अनुष्ठानों की जानकारी लेते हुए सीएम ने समारोह की सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सभी आवश्यक सहयोग के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद, आयुक्त सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से तैयारियों का जायजा लेते हुए निर्देश दिए।

योगी ने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आ रहे गणमान्य जनों को अयोध्या में बेहतर आतिथ्य प्राप्त होना चाहिए। इतना ही नही हर एक वीवीआइपी के विश्राम स्थल का चयन पूर्व में ही कर लिया जाए। मौसम के दृष्टिगत संभव है कि कुछ अतिथि एक-दो दिन पहले ही आ जाएं, ऐसे में उनके रुकने की बेहतर व्यवस्था हो।

यह भी पढ़ें- 22 जनवरी से पहले सजावट के साथ संवारी जाएंगी अयोध्‍या जाने वाली लखनऊ की सड़कें, कमिश्‍नर ने विभागों के अफसरों को दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि अयोध्या में होटल और धर्मशालाएं हैं। होम स्टे की व्यवस्था भी है। टेंट सिटी की संख्या और बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। कुंभ की तर्ज पर अयोध्या में 25-50 एकड़ में एक भव्य टेंट सिटी तैयार कराएं।

साथ ही 22 जनवरी के बाद अयोध्या में दुनियाभर से रामभक्तों का आगमन होगा। उनकी सुविधा के लिए पूरे नगर में विभिन्न भाषाओं में साइनेज लगाए जाएं। संविधान की 08वीं अनुसूची में सम्मिलित भाषाओं और संयुक्त राष्ट्र की 06 भाषाओं में साईनेज हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि आतिथ्य-सत्कार में स्वच्छता एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इसमें जनसहयोग लें।

इस दौरान धर्म पथ, जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, राम पथ जैसे प्रमुख मार्गों अथवा गलियों में धूल न उड़े, गंदगी न हो। जगह-जगह कूड़ेदान रखे हों। वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था हो। इसका लिए अभी 3800 से अधिक स्वच्छताकर्मी तैनात हैं, 1500 कर्मचारियों की संख्या और बढाएं। अयोध्या प्रतिबंधित पॉलीथिन मुक्त नगर हो, इसके लिए हम सभी को प्रयास करना होगा। 14 जनवरी से नगर में स्वच्छता विषयक विशेष अभियान चलाएं। नगर में कहीं भी गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- अब दस जनवरी तक बंद रहेंगे कक्षा आठ तक के सभी स्‍कूल, DM ने जारी किया आदेश