अपहरण केस में दबिश देने गई टीम हुई हादसे का शिकार, यूपी पुलिस के चार सिपाही व वादी की मौत

यूपी पुलिस
हादसे में गाड़ी के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। अपहरण केस में दबिश देने हरियाणा गई कोतवाली उरई पुलिस टीम मंगलवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नूंह जनपद के तावड़ू सदर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों इसकी जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज एक अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए यूपी पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। टीम आरोपितो की तलाश में तावड़ू क्षेत्र पहुंची थी, तभी मंगलवार सुबह करीब दस बजेओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सभी पांचों लोग फंस गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें- UP: शादी से लौट रहे परिवार के स्कॉर्पियो की हुई ट्रेलर से टक्‍कर, मां-बाप व बेटे समेत पांच की दर्दनाक मौत

घटनास्थल से बरामद आईकार्ड के आधार पर चार पता चला है कि हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) ने भी दम तोड़ दिया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- UP में कार ने मचाया तांडव, घायलों की मदद कर रहे आठ लोगों की कुचल कर ली जान