योगी ने किया “गोमती नदी सफाई महाअभियान” का शुभारंभ, फावड़ा उठाकर की सफाई

गोमती नदी सफाई महाभियान
गोमती नदी के किनारे फावड़े के सहारे सफाई करते योगी साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। गोमती नदी में फैली जलकुम्‍भी और गंदगी को साफ करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोमती नदी सफाई महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान योगी गोमती नदी पहुंचे और अभियान को हरी झंडी दिखाई। साथ ही मुख्‍यमंत्री ने लोगों को सफाई की शपथ भी दिलाई।

योगी आदित्यनाथ ने सुबह आठ बजे गोमती सफाई महाअभियान की शुरूआत की। सफाई अभियान राजधानी के बैराज घाट से शुरू होकर गऊ घाट से 1090 चौराहे तक चला। इतना ही नहीं इस दौरान खुद मुख्‍यमंत्री ने फावड़ा लेकर गोमती नदी के किनारे सफाई भी की। साथ ही जिम्‍मेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात से पहले गोमती नदी की सफाई का काम पूरा होगा और इस अभियान की निगरानी डीएम लखनऊ करेंगे।

यह भी पढ़ें- मोदी के जन्‍मदिन पर सीएम से लेकर प्रदेश अध्‍यक्ष तक ने लगाई झाड़ू, क्लिक कर जाने सफाई अभियान का हाल

जिला प्रशासन की ओर से शुरू हुए इस सफाई अभियान के दौरान भारी संख्‍या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी जुटे। प्रदेश के मंत्री, भाजपा विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने के अलावा नगर निगम, सिंचाई विभाग सहित कई अन्य विभागों के हजारों कर्मचारी शामिल हुए।

मालूम हो कि गोमती नदी की सफाई में सात हजार कर्मचारी हिस्सा लेने के साथ ही लखनऊ नगर निगम, स्वयंसेवी संस्थाओं के अलावा आम लोग भी इसका हिस्सा बने हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार गोमती और उसके आसपास के इलाकों की सफाई के लिए प्रतिबद्ध है। हम चाहेंगे कि एनजीओ इस संबंध में जागरुकता फैलाएं और लोग सफाई की इस मुहिम में हिस्सा लेकर इसे गति दें। पूरे अभियान को आठ जोन मे बांटा गया है।

अभियान में मुख्‍यमंत्री के साथ ही गोपाल टंडन, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, स्वाती सिंह, सुरेश तिवारी, डॉ. नीरज बोरा, सुरेश श्रीवास्तव, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, अंजनी श्रीवास्तव, पुष्कर शुक्ला समेत कई पार्षद व कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- योगी ने लगाई झाड़ू तो मंत्री ने साफ किया नाला, शुरू हुआ सफाई अभियान