जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक का कैंसर से निधन

हीथ स्ट्रीक
पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक का रविवार को निधन हो गया। उनकी पत्‍नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी दी। हीथ स्ट्रीक लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले हीथ स्ट्रीक के निधन की अफवाह उड़ी थी। ये खबर जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हेनरी ओलंगा ने दी थी, लेकिन बाद में ओलंगा ने ही इस खबर को गलत बताया था और कहा था कि हीथ स्ट्रीक जिंदा हैं।

इस बार हीथ की पत्‍नी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्य से कंफर्म किया है कि जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान का निधन हो गया है। पत्‍नी ने बताया है कि तीन सितंबर को तड़के हीथ स्ट्रीक का निधन हो गया। जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर जॉन रेनी ने भी इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने मीडिया को बताया कि हीथ स्ट्रीक का निधन उनके फार्म पर माटाबेलेले लैंड में हुआ।

यह भी पढ़ें- WWE चैंपियन ब्रे वायट ने 36 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

हीथ स्ट्रीक की गिनती जिम्बाब्वे के महान क्रिकेटरों में होती है। वह बल्ले और गेंद दोनों से मैच पलटने का दम रखते थे। हीथ स्ट्रीक ने जिम्बाब्वे के लिए 65 टेस्ट मैच खेले और 22.35 की औसत से 1990 रन बनाए। टेस्ट में उन्होंने 216 विकेट भी अपने नाम किए हैं। वहीं वनडे की बात की जाए तो हीथ स्ट्रीक ने 2943 रन बनाए हैं और 239 विकेट लिए हैं।

संन्यास लेने के बाद हीथ स्ट्रीक ने कोचिंग भी की। वह जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के कोच रहे। इसके अलावा वह आईपीएल में भी कोचिंग कर चुके थे। आईपीएल में दो बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के कोचिंग स्टाफ में भी शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने गुजरात लायंस के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन