कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी नगर निकाय चुनाव, विकास की बड़ी-बड़ी बातें करने वालों ने किया जनता के साथ बहुत बड़ा मजाक: नकुल दूबे

कांग्रेस नगर निकाय चुनाव
बैठक को संबोधित करते कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्‍त के बाद भी कांग्रेस खुद को यूपी की जमीन पर तैयार करने में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कांग्रेस ने अब नगर निकाय चुनाव में मजबूती से लड़ने का ऐलान किया है। मंगलावार को इसकी घोषणा करते हुए कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने यूपी में फैले कई तरह के बुखार को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। नकुल ने कहा कि विकास की बड़ी-बड़ी बात करने वालों ने जनता के साथ बहुत बड़ा मजाक किया है।

आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित शहर कांग्रेस कमेटी की नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित तैयारी बैठक में पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी। नगर निगम और प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार डेंगू, चिकनगुनिया के आगे पूरी तरह से सरेंडर हो चुकी है। अब तो अखबार भी छापने लगे कि फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं हो रहा है। जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। जनता अपने कल्याण के लिए लोगों को चुनती है, सरकार बनाती है। जनता का कल्याण करने के बजाय सिर्फ स्वयं कल्याण में लगे रहते हैं। ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्‍यक्ष का पद संभाल मल्लिकार्जुन खड़गे का मोदी सरकार पर निशाना, “झूठ, फरेब व नफरत के इस तंत्र को तोड़कर रहेंगे”

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्याम किशोर शुक्ला ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार जिस तरह से लाचार और बेचारी नजर आ रही है। उससे हालात यह हो गये है कि राजधानी लखनऊ के नगर निगमों पर लगातार भ्रष्टाचार के सवाल खड़े हो रहें हैं और सरकार आम आदमी को मरने के लिए छोड़ दे रही। वर्तमान में डेंगू, चिकनगुनिया के कहर से राजधानी के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अस्पतालों में बेड़ का अभाव हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि नगर महापालिका आज बुनियादी सुविधायें तक नहीं दे पा रही हैं। नगर निकाय चुनाव नजदीक है ऐसे में हम सबको एकजुट होकर हमें नगर निकाय चुनाव की रणनीति तैयार कर सफलता हासिल करनी है।

बैठक में शहर अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव अज्जू व दिलप्रीत सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस वीरेन्द्र मदान, अनुसुईया शर्मा, रमेश मिश्रा, सत्यवीर सिंह बउवा भइया, शैलेन्द्र तिवारी बब्लू, प्रदेश प्रवक्‍ता पंकज तिवारी, संजय सिंह, प्रदेश महासचिव सैफ अली नकवी, प्रदेश सचिव प्रदीप कनौजिया, विजय बहादुर, नईम सिद्दीकी, अंशु त्रिपाठी, शहाना सिद्दीकी, राकेश पाण्डेय, आशुतोष मिश्रा, नसीम सिद्दीकी, सुशील तिवारी, राजेंद्र पांडे, आरबी सिंह, मेहंदी हसन सहित शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।