आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार मौसम अपने तेवर सख्त करते जा रहा है। विभाग के अनुसार प्रदेश के 48 जिले कोहरे और गलन से प्रभावित हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के 27 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही तराई क्षेत्र के 21 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी जारी है, यानी दिन के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है।
दरअसल गुरुवार को लखनऊ समेत आस-पास के जिलों में सुबह घने कोहरे की मोटी परत छाई रही। सड़कें, इमारतें और पेड़ तक धुंध में लिपटे नजर आए। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। पश्चिमी यूपी में गलन का असर बढ़ा, जबकि पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में घना कोहरा अब भी बना हुआ है। हालांकि लखनऊ समेत कुछ इलाकों में दोपहर बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड और गलन ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में ठंड ने दी दस्तक, मौसम विभाग का अनुमान, तापमान में आएगी गिरावट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी उत्तरी-पछुआ हवाओं के कारण अगले दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरे के घनत्व में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन गलन और शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है।
इन जिलों के लिये ऑरेंज अलर्ट जारी
वहीं मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आस-पास के इलाके में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।




















