नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, भाजपा के सम्राट चौधरी होंगे बिहार के मुख्यमंत्री

बिहार सीएम
लोकभवन में राज्यपाल से मिले नीतीश कुमार साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। आखिरकार जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद बिहार में नीतीश युग के अंत के साथ ही में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं नीतीश के इस्तीफे के बाद भाजपा विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। सम्राट चौधरी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

इससे पहले आज दोपहर नीतीश कुमार ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के लिए एक भावुक पोस्ट भी किया। नीतीश कुमार ने पोस्ट में कहा, “आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है, चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो या महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है।

इतना ही नहीं हर क्षेत्र में काम हुआ है, चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो या कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।” उन्होंने कहा कि हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।

इससे पहले पटना के भाजपा कार्यालय में राज्य के पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत सभी बड़े नेता मौजूद थे। इस बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिए जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने नेता के तौर पर सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान किया।

यह भी पढ़ें- बिहार के CM नीतीश कुमार ने MLC पद से दिया इस्तीफा

वहीं, सम्राट चौधरी ने नई जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का एक्स पर आभार जताया। साथ ही कहा, “भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही उनके लिए बधाई और शुभकामनाओं का दौर भी शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें- आखिरकार बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटेंगे नीतीश कुमार, कहा इच्छा पूरी करने जा रहा राज्यसभा